यूपी के खेल सचिव सुहास एलवाई बने नम्बर वन पैरा शटलर

फरवरी में विश्व चैम्पियनशिप का खिताब जीता था
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
उत्तर प्रदेश के सचिव खेल एवं युवा कल्याण तथा वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई अब दुनिया के नम्बर वन पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हैं। पेरिस में अगले महीने होने वाले पैरा ओलम्पिक खेलों में भी वह देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी सुहास ने इस साल फरवरी में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को पछाड़कर विश्व चैम्पियनशिप का खिताब जीता था।
भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यथिराज ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मंगलवार को जारी बीडब्ल्यूएफ पैरा बैडमिंटन की नवीनतम विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया। सुहास फ्रांस के दिग्गज लुकास माजुर को पछाड़कर दुनिया के नम्बर एक खिलाड़ी बन गए हैं। 40 वर्षीय अर्जुन पुरस्कार विजेता सुहास को टोक्यो पैरालम्पिक के एसएल-4 वर्ग के खिताबी मुकाबले में माजुर के खिलाफ हार के चलते रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। 
सुहास के नाम पर अब 60 हजार 527 अंक हैं जो फ्रांस के उनके प्रतिद्वंद्वी माजुर (58 हजार 953) से अधिक हैं। सुहास ने सोशल मीडिया पर लिखा, अंततः विश्व नम्बर एक बन गया। यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि आज घोषित नवीनतम बैडमिंटन विश्व महासंघ पैरा बैडमिंटन रैंकिंग में पुरुष सिंगल्स वर्ग में मुझे जीवन में पहली बार विश्व नम्बर एक रैंकिंग मिली है। मैंने लम्बे समय से विश्व नम्बर एक खिलाड़ी फ्रांस के लुकास माजुर की जगह ली। आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी सुहास ने इस साल फरवरी में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को पछाड़कर विश्व चैम्पियनशिप खिताब जीता था। 
हाल ही में भारतीय पैरा बैडमिंटन टीम ने ग्लासगो, स्कॉटलैंड में चार देशों के पैरा बैडमिंटन अंतर्राष्ट्रीय स्तर 1 में 14 पदक जीते थे। प्रतियोगिता 19 से 23 जून तक आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सचिव खेल एवं युवा कल्याण सुहास एलवाई ने अपने वर्ग की स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। ओलम्पिक में कांस्य पदक और एशियाड में स्वर्ण पदक विजेता सुहास एलवाई अगले महीने आयोजित किए जाने वाले पेरिस ओलम्पिक की तैयारी में लगे हुए हैं। जहां वे भारतीय पैरा बैडमिंटन टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स