डॉ. मनसुख मांडविया और रक्षा खडसे करेंगे खेलों का उत्थान

खेलों के क्षेत्र में देश को मजबूत बनाना होगा इनका लक्ष्य
युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री हैं रक्षा निखिल खडसे 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
डॉ. मनसुख मांडविया ने शास्त्री भवन में केन्‍द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री का पदभार ग्रहण किया। उनके पास केन्‍द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का पदभार भी है। खेल विभाग और युवा कार्यक्रम विभाग के सचिव तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी उपस्थित थीं।
इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्रियों को मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्रालय की योजनाओं और पहलों के बारे में जानकारी दी। इससे पहले डॉ. मनसुख मांडविया के पास केन्‍द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा केन्‍द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की जिम्‍मेदारी थी। डॉ. मनसुख मांडविया ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला और देश के खेल परिदृश्य को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का वादा किया।
गुजरात के पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले 52 वर्षीय मांडविया 2021 में जब कोविड-19 महामारी अपने चरम पर थी तब स्वास्थ्य मंत्री थे। पिछली सरकार में वह रसायन और उर्वरक मंत्री भी रहे थे। मांडविया ने कार्यभार संभालने के बाद एक्स पर पोस्ट किया,‘‘देश के युवाओं को सशक्त बनाने और खेलों के क्षेत्र में देश को मजबूत बनाने के लिए आज मैंने शास्त्री भवन में खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला। हम इन क्षेत्रों में मजबूती हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ मिलकर काम करेंगे।’’ मांडविया ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर से खेल मंत्रालय संभाला। इसके अलावा उन्होंने श्रम और रोजगार मंत्रालय का कार्यभार भी संभाला। मांडविया के साथ खेल मंत्रालय में रक्षा खडसे राज्य मंत्री हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुईं रक्षा खडसे दूसरी सबसे युवा मंत्री हैं। उन्हें युवा मामले और खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। 37 साल की रक्षा ने कम्प्यूटर साइंस से बीएससी तक की पढ़ाई की है। उनसे पहले के. राममोहन नायडू (36 वर्षीय) सबसे युवा मंत्री थे। खडसे मात्र 26 साल की उम्र में पहली बार सांसद बनी थीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता एकनाथ खड़से की बहू हैं। उनकी शादी निखिल खडसे से हुई थी। लेकिन निखिल की मृत्यु हो गई। निखिल ने साल 2013 में खुद को गोली मार ली थी।
रक्षा 23 साल की उम्र में बनी थीं सरपंच 
अठारहवीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में एनडीए के बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। भाजपा की अगुआई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 जून, 2024 को आयोजित किया गया था। नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद में कुल 71 लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। मंत्रिपरिषद में राज्य मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाली रक्षा खडसे को मोदी सरकार की सबसे युवा महिला मंत्री के तौर पर देखा जा रहा है। रक्षा खडसे को युवा कल्याण एवं खेल विभाग के राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया है।
मोदी की नई कैबिनेट में महाराष्ट्र से नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, रामदास अठावले, रक्षा खडसे, प्रतापराव जाधव और मुरलीधर मोहोल को शामिल किया गया है। रक्षा खडसे महाराष्ट्र से एकमात्र महिला मंत्री हैं। वह लगातार तीसरी बार लोकसभा के लिए चुनी गई हैं। रावेर के स्थानीय लोगों का कहना है कि रक्षा खडसे शादी के बाद ही राजनीति में आ गई थीं। उन्हें उनके ससुर एकनाथ खडसे राजनीति में लेकर आए। उनका पहला राजनीतिक पद मुक्ताईनगर तालुका के कोथली गांव के सरपंच का था। कोथली खडसे परिवार का गांव है।
रक्षा 2010 में कोथली गांव की सरपंच बनीं। तब से वह भाजपा में सक्रिय हैं। इसके बाद वह 2010-2012 के दौरान जलगांव ज़िला परिषद की सदस्य रहीं और इस दौरान वह ज़िला परिषद अध्यक्ष भी रहीं। साल 2014 में उन्हें पहली बार रावेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकट मिला। जब रक्षा खडसे पहली बार सांसद बनीं तो उनकी उम्र केवल 26 साल थी। साल 2014 में उन्होंने एनसीपी उम्मीदवार मनीष जैन को करीब साढ़े तीन लाख वोटों से हराया और 2019 के चुनाव में भी उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार उल्हास पाटिल को सवा तीन लाख वोटों से हराया।
रावेर उन दो सीटों में से एक है जिसे भाजपा उत्तरी महाराष्ट्र में बरकरार रखने में कामयाब रही है। रावेर निर्वाचन क्षेत्र लेवा-पाटिल और गुर्जर-पाटिल जाति बहुल है। रक्षा खडसे खुद गुर्जर समुदाय से आती हैं जबकि उनके ससुर खडसे परिवार लेवा-पाटिल समुदाय से है। चर्चा थी कि रक्षा खडसे के ख़िलाफ़ उन्हीं की ननद रोहिणी खडसे को शरद पवार गुट टिकट देगा लेकिन आख़िरकार एनसीपी (शरद पवार गुट) से मराठा समुदाय के श्रीराम पाटिल की उम्मीदवारी की घोषणा की गई। एकनाथ खडसे ने एनसीपी (शरद पवार गुट) से इस्तीफ़ा देकर बहू के प्रचार की ज़िम्मेदारी ली तो कहा गया कि उन्हें इन दोनों जातियों का एकजुट वोट मिला।
रक्षा खडसे के लिए 2024 का टिकट पाना आसान नहीं था। 2020 में एकनाथ खडसे अपनी नाराज़गी के चलते अपनी बेटी रोहिणी खडसे के साथ एनसीपी में शामिल हो गए। लेकिन रक्षा खडसे भाजपा में ही रहीं। महाराष्ट्र टाइम्स के नासिक संस्करण के स्थानीय संपादक शैलेन्द्र तनपुरे कहते हैं, "रक्षा खडसे के रूप में एकनाथ खडसे ने भाजपा में वापसी का एक सूत्र छोड़ा।" हालांकि, जलगांव के जानकारों का कहना है कि रक्षा खडसे की उम्मीदवारी को लेकर अंदरूनी विरोध था। ज़िले के एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक़, "गिरीश महाजन और देवेंद्र फडणवीस शुरू से ही रक्षा खडसे की उम्मीदवारी के ख़िलाफ़ थे. गिरीश महाजन ने यह भी कहा था कि यह कहना असंभव है कि उम्मीदवार कौन होगा. लेकिन शायद उनकी वफ़ादारी से उन्हें फायदा हुआ है। भले ही ससुर और ननद दूसरी पार्टियों में चले गए, लेकिन वे भाजपा में ही बनी रहीं। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में भी अच्छा काम किया।"
चुनाव से पहले एकनाथ खडसे द्वारा अपनी ही बहू के ख़िलाफ़ संभावित उम्मीदवारी को ख़ारिज करने की चर्चा अभी भी रावेर निर्वाचन क्षेत्र में सुनी जा रही है। इतना ही नहीं, रक्षा खडसे की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद उन्होंने एनसीपी के शरद पवार गुट से इस्तीफ़ा दे दिया और बहू के लिए प्रचार किया। तनपुरे कहते हैं, "तब एकनाथ खडसे के भाजपा में आने की चर्चाएं ज़ोरों पर थीं। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि वह भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन शायद गिरीश महाजन और देवेंद्र फडणवीस के बीच आंतरिक संघर्ष के कारण वह चुनाव से पहले शामिल नहीं हुए।"
हालांकि, मीडिया से बात करते हुए एकनाथ खडसे ने कहा, "जब रक्षा को मंत्री पद की शपथ दिलाने के लिए दिल्ली से फोन आया तो मैं अपने आंसू नहीं रोक सका। उन्हें भाजपा में उनके काम और पार्टी के प्रति उनकी वफ़ादारी के लिए शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया।" रक्षा खडसे महाराष्ट्र के खानदेश क्षेत्र से केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली पहली महिला मंत्री हैं।
रक्षा खडसे को मुख्य रूप से एकनाथ खडसे की राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता है। इस बारे में बात करते हुए तनपुरे कहते हैं, "एकनाथ खडसे के बेटे और रक्षा खडसे के पति निखिल का 2012 में निधन हो गया। उनकी (एकनाथ खडसे) बेटियां देर से राजनीति में आईं लेकिन रक्षा खडसे एकनाथ खडसे के साथ 22-23 साल की उम्र से ही राजनीति में सक्रिय हैं।"
"अब उनके पास केंद्रीय राजनीति का अनुभव है, यही वजह है कि उन्हें एकनाथ खडसे की राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता है।" रक्षा खडसे नंदूरबार ज़िले के शाहदा तालुका के खेडदीगर गांव के एक किसान परिवार से हैं। वह गुर्जर-पाटिल समुदाय से आती हैं। उनकी शादी एकनाथ खडसे के बेटे निखिल से हुई थी। साल 2012 में निखिल खडसे की मृत्यु हो गई। रक्षा खडसे के दो बच्चे कृषिका और गुरुनाथ हैं। रक्षा खडसे के रूप में खानदेश यानी उत्तरी महाराष्ट्र को तीसरी बार केंद्र में मंत्री पद मिला है। इससे पहले कांग्रेस सांसद विजय नवल को केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय का ज़िम्मा मिला था। फिर साल 1999 में एरंडोल से तत्कालीन विधायक एमके पाटिल को अटल बिहारी सरकार में राज्य मंत्री का पद मिला। नरेंद्र मोदी कैबिनेट के पिछले दो कार्यकाल में धुले से चुने गए सुभाष भामरे को राज्य मंत्री का पद मिल चुका है।

रिलेटेड पोस्ट्स