दर्पण मिनी स्टेडियम के कायाकल्प की करूंगा कोशिशः महेंद्र सिंह यादव

खिलाड़ी अपने प्रशिक्षक के बताए रास्ते पर चलकर लक्ष्य संधान करें 
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
खेलों से तन-मन स्वस्थ रहता है। खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि स्वर्णिम करिअर का माध्यम भी हैं लिहाजा प्रतिदिन खेलों को समय दें तथा जो प्रशिक्षक बताता है उस पर अमल करते हुए अपना लक्ष्य हासिल करें। यह बातें शुक्रवार को बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में दर्पण मिनी स्टेडियम पर चल रहे ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण हासिल करने वाली प्रतिभाओं को बताईं।
श्री यादव ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से व्यक्ति अपने स्वस्थ शरीर का विकास करता है तथा खेलों के माध्यम से करिअर भी बनता है। उन्होंने कहा कि लगभग एक सैकड़ा हॉकी खिलाड़ियों को अभ्यास करते हुए देखना मेरे लिए सुखद अनुभूति है और दर्पण के नवोदित खिलाड़ी दर्पण मिनी स्टेडियम की गौरवशाली परम्परा को निश्चित ही आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रखेंगे। नवोदित खिलाड़ी प्रशिक्षक द्वारा बताए रास्ते पर चलकर कड़ी मेहनत से देश और प्रदेश का नाम रोशन करें मेरी शुभकामनाएं सदैव उनके साथ हैं। श्री यादव ने कहा कि दर्पण मिनी स्टेडियम के कायाकल्प हेतु मेरी ओर से जो मदद हो सकेगी मैं जरूर करूंगा। 
इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के दौरान आयोजित हॉकी मैच के उत्कृष्ट खिलाड़ियों ध्रुव शर्मा और वंश श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया तथा दर्पण मिनी स्टेडियम के पूर्व खिलाड़ी अंकित पाल जोकि भारतीय जूनियर हॉकी टीम के साथ हॉलैंड का दौरा करके ग्वालियर लौटे हैं को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, सत्येंद्र यादव, निक्की कौशल, नरेश दंगरोलिया, शिवानी गौतम आदि ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स