समर कैम्पों से निखरती हैं खेल प्रतिभाएंः डॉ. केशव पांडेय

राष्ट्रीय पदक विजेता कुमारी दीपा शर्मा सम्मानित                     
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम पर चल रहे ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय ने किया। डॉ. पांडेय ने कहा कि समर कैम्पों से प्रतिभाओं का कौशल निखरता है तथा वे भविष्य में अपने कौशल में सुधार लाकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाती हैं। 
डॉ. पांडेय ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का युवा हर क्षेत्र में कामयाबी हासिल कर रहा है। खेलों का क्षेत्र भी बहुत व्यापक है, खेल के माध्यम से व्यक्ति स्वस्थ भी रहता है और उसका सर्वांगीण विकास होता है। आज के समय में खेलों के माध्यम से करियर भी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर दर्पण मिनी स्टेडियम की वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी सीनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता कुमारी दीपा शर्मा को सम्मानित किया गया। दीपा फिलवक्त खेल कोटे के माध्यम से आयकर विभाग में नौकरी कर रही हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने दर्पण मिनी स्टेडियम के खिलाड़ियों की उपलब्धियों से अतिथियों को परिचित कराया। पूर्व में अतिथियों का स्वागत संगीता दीक्षित, निक्की कौशल, लव कुमार, नरेश डगरोलिया आदि ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स