डीपी मनु ने भाला फेंक का स्वर्ण पदक जीता

ताइवान ओपन में 81.52 मीटर का रहा सर्वश्रेष्ठ प्रयास
खेलपथ संवाद
ताइपे।
भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी डीपी मनु ने शनिवार को ताइपे में 81.58 मीटर थ्रो के साथ ताइवान ओपन 2024 में पुरुषों की स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता ने अपने पांचवें प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया और पहले स्थान पर रहे। ताइवान ओपन विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर कांस्य स्तर की प्रतियोगिता है। इसमें खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक भी मिलते हैं।
मनु ने 78.32 मीटर थ्रो के साथ शुरुआत की, जबकि उनका दूसरा प्रयास 76.80 मीटर का रहा। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने तीसरे प्रयास में 80.59 मीटर और पांचवें प्रयास में 81.52 मीटर दूर फेंका। हालांकि, उनका चौथा प्रयास फाउल रहा था। हालांकि, यह प्रदर्शन मनु के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84.35 मीटर से बहुत दूर था। यह मौजूदा सत्र में उनके सर्वश्रेष्ठ प्रयास 82.06 से भी कम है, जो पिछले महीने भुवनेश्वर में फेडरेशन कप में आया था। वह फेडरेशन कप में ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।
अब तक क्वालीफाई नहीं कर सके मनुः पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में छठे स्थान पर रहने वाले मनु को अभी पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना बाकी है, जिसके लिए क्वालिफिकेशन मार्क 85.50 मीटर है। चोपड़ा और किशोर जेना पहले ही ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स