छह साल की उम्र में तक्षवी वघानी ने रचा इतिहास

स्केटिंग में किया कमाल, बना दिया विश्व रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
अहमदाबाद की तक्षवी वघानी ने छह वर्ष की उम्र में ऐसा कारनामा कर डाला है जिससे उनकी चर्चा भारत ही नहीं पूरे विश्व में हो रही है। उन्होंने छोटी सी आयु में कुछ ऐसा किया जिससे उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया। तक्षवी ने लोएस्ट लिम्बो स्केटिंग में 25 मीटर से अधिक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ उन्होंने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया।
तक्षवी ने लोएस्ट लिम्बो स्केटिंग में कमाल करते हुए अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है। इसकी पुष्टि करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें छह साल की तक्षवी को स्केटिंग करते देखा जा रहा है। वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा गया, '25 मीटर से अधिक की लोएस्ट लिम्बो स्केटिंग।' पिछले साल 10 मार्च को यह रिकॉर्ड ब्रेकिंग उपलब्धि हासिल की गई थी।
अहमदाबाद की तक्षवी से पहले यह रिकॉर्ड पुणे की मनस्वी विशाल के नाम दर्ज था। उन्होंने साढ़े तीन साल की उम्र में 25 मीटर से ज्यादा की लोएस्ट लिंबो स्केटिंग से सभी को प्रभावित कर दिया था। उन्होंने धरती से केवल 16.5 सेंटीमीटर की ऊंचाई बनाए रखते हुए 25 मीटर की दूरी तक ग्लाइड किया था। लिम्बो स्केटिंग की दुनिया में तक्षवी और मनस्वी के अलावा 18 वर्षीय सृष्टि धर्मेंद्र शर्मा भी कमाल दिखा चुकी हैं। उन्होंने जुलाई 2023 में 50 मीटर से अधिक की स्केटिंग में कमसमय लेते हुए नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था। उन्होंने इस दूरी को 6.94 सेकंड में पूरा किया था। उन्होंने 2021 में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की थी।

रिलेटेड पोस्ट्स