एमपी-महाराष्ट्र और हरियाणा-झारखंड के बीच होंगे सेमीफाइनल

14वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप

ग्वालियर की इशिका चौधरी पर होगा खिताब बरकरार रखने का दबाव

खेलपथ संवाद

पुणे। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पिम्परी, पुणे में खेली जा रही 14वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप में शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। सेमीफाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश टीम जहां मेजबान महाराष्ट्र से दो-दो हाथ करेगी वहीं हरियाणा की टीम झारखंड को पराजित कर फाइनल खेलना चाहेगी। इशिका चौधरी के नेतृत्व में खेल रही मध्य प्रदेश टीम को यदि अपना खिताब बरकरार रखना है तो उसे मेजबान महाराष्ट्र को सबक सिखाना होगा।

बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी बंगाल को कांटे के मुकाबले में जहां 4-3 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 4-1 से आसानी से हरा दिया। तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी झारखंड ने एक कड़े मुकाबले के बाद सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जहां उसने हॉकी मिजोरम को 2-1 से हराया। प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल में मेजबान महाराष्ट्र ने मणिपुर को 2-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

हम आपको बता दें कि गतवर्ष खेली गई 13वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप में भी यही चारों टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। फाइनल मुकाबला मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र टीमों के बीच खेला गया था जिसमें मध्य प्रदेश की बेटियों ने खिताब जीता था। इस बार यह दोनों टीमें सेमीफाइनल में खेलेंगी और एक टीम फाइनल में कदम रखेगी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इशिका चौधरी के नेतृत्व में खेल रही मध्य प्रदेश की टीम को यदि महाराष्ट्र पर फतह हासिल करनी है तो उसे पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलना होगा। बंगाल के खिलाफ मध्य प्रदेश को 10 पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक को भी गोल में नहीं बदला जा सका।

महाराष्ट्र को मेजबान होने का लाभ मिल सकता है। पिछले संस्करण में मध्य प्रदेश ने हॉकी झारखंड को 2-0 से पराजित कर जहां फाइनल में कदम रखा था वहीं महाराष्ट्र ने हरियाणा के अरमानों पर पानी फेरते हुए खिताबी दौर में जगह बनाई थी। 13वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2023 में मध्य प्रदेश की टीम ने फाइनल में हॉकी महाराष्ट्र को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया था।

प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल जोरदार होने की उम्मीद है। हरियाणा टीम गोलकीपर सविता पूनिया के नेतृत्व में अभी तक शानदार खेली है। इस टीम में 11 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। हरियाणा की टीम न केवल अभी तक अजेय है बल्कि उसके खिलाफ अभी तक सिर्फ एक गोल हुआ है। झारखण्ड की जहां तक बात है इस टीम में भी कई दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं ऐसे में मुकाबला दोनों टीमों के लिए आसान नहीं होगा। देखा जाए तो इस साल प्रतियोगिता में हॉकी इंडिया की आंखों में धूल झोंकने का काम भी खूब हुआ। प्रतियोगिता में कई राज्यों की टीमों ने दूसरे राज्यों की खिलाड़ियों को मौका देकर प्रतियोगिता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स