हरियाणा के बलराज पंवार की नौकायन में बड़ी कामयाबी

भारत को नौकायन में पहला पेरिस ओलम्पिक कोटा दिलाया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
बलराज पंवार ने रविवार को दक्षिण कोरिया के चुंग्जू में 2024 विश्व एशियाई और ओसनियाई ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक क्वालीफिकेशन रेगाटा में पुरुष एकल स्कल स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहकर भारत को नौकायन में पहला पेरिस ओलम्पिक कोटा दिलाया।
भारतीय सेना के 25 वर्षीय पंवार पिछले साल चीन के हांग्झोउ में अपने पहले एशियाई खेलों में कांस्य पदक से चूक गये थे। उन्होंने 7:01.27 मिनट का समय निकालकर 2000 मीटर रेस में तीसरा स्थान हासिल कर ओलम्पिक कोटा प्राप्त किया। पुरुष एकल स्कल में शीर्ष पांच नौकाचालक ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करते हैं। पुरुषों की लाइटवेट डबल स्कल्स में देश क्वालीफाई नहीं कर सका। भारत ने पिछले तोक्यो ओलम्पिक में इस स्पर्धा में हिस्सा लिया था। उज्जवल कुमार और अरविंद सिंह की भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर रही जबकि इसमें शीर्ष दो जोड़ी कोटा हासिल करती हैं।
भारत इस तरह 26 जुलाई से शुरू होने वाले ओलम्पिक में नौकायन में एक ही स्पर्धा में हिस्सा लेगा। अर्जुन लाल और अरविंद सिंह ने तोक्यो ओलम्पिक में पुरुषों की लाइटवेट डबल स्कल में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वे 11वें स्थान पर रहे थे। एशियाई क्वालीफायर भी एशियाई रोइंग कप के साथ ही कराये जा रहे हैं जिसमें भारत ने सलमान खान और नितिन देओल की बदौलत पुरुष डबल स्कल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके एक दिन बाद हरियाणा के करनाल के बलराज पंवार ने धीमी शुरूआत के बाद दबदबा बनाया और तीसरे स्थान पर रहने में सफल रहे। कजाखस्तान के व्लादिस्लाव याकोवलेव (6:59.46) ने स्वर्ण पदक और इंडोनेशिया के मेमो ने दूसरा स्थान हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स