राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण गौरव रत्न से सम्मानित हुए अविनाश भटनागर

हॉकी प्रशिक्षक ने बेटियों के सपनों को लगाए पंख
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण संघ नई दिल्ली द्वारा ग्वालियर के बाल भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण गौरव रत्न से सम्मानित किया गया। श्री भटनागर को इस सम्मान के लिए खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए ग्वालियर के लिए गौरव की बात बताई। 
रविवार को ग्वालियर के बाल भवन में ग्वालियर चम्बल सम्भाग के गौरव रत्न अवॉर्ड कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। खेलों के क्षेत्र में उक्त सम्मान ग्वालियर के एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को महिला हॉकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए दिया गया।
गौरतलब है कि श्री भटनागर हॉकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में पूरी शिद्दत से लगे रहते हैं। इनसे प्रशिक्षण प्राप्त बेटियां जहां राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का गौरव बढ़ा रही हैं वहीं लगभग आधा दर्जन खिलाड़ी बेटियां मध्य प्रदेश के उत्कृष्ट एकलव्य और विक्रम अवॉर्ड से भी सम्मानित हो चुकी हैं। बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने श्री भटनागर को शॉल श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर आशीष प्रताप सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष मुरैना, जिला पंचायत सीईओ दतिया आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

रिलेटेड पोस्ट्स