गाजियाबाद की होनहार साक्षी ने गोवा में बरसाए स्वर्णिम तीर

42वीं एनटीपीसी जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप

एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर मचाया धमाल

खेलपथ संवाद

गाजियाबाद। होनहार तीरंदाज साक्षी चौधरी के लिए अब मेडल जीतना हंसी-खेल का काम हो गया है। यह बिटिया जिस भी तीरंदाजी प्रतियोगिता में उतरती है, उसके गले में मेडल जरूर होता है। हाल ही गोवा में हुई 42वीं एनटीपीसी जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप में भी साक्षी ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साक्षी ने व्यक्तिगत स्पर्धा में न केवल स्वर्ण पदक जीता बल्कि नेशनल चैम्पियन होने का गौरव भी हासिल किया।

होनहार तीरंदाज साक्षी चौधरी से राष्ट्र को बहुत उम्मीदें हैं तो दूसरी तरफ यह बिटिया एशियाई खेलों में शिरकत करने का सपना लेकर चयन ट्रायल में हिस्सा लेगी। उम्मीद है कि साक्षी का यह सपना जरूर साकार होगा। गोवा में हुई 42वीं एनटीपीसी जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप में भी साक्षी ने बेजोड़ प्रदर्शन किया। गाजियाबाद के चिरंजीवी विहार सेक्टर-3 की रहने वाली इस होनहार बेटी ने व्यक्तिगत इवेंट में 144 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता तथा नेशनल जूनियर चैम्पियन होने का गौरव हासिल किया।

साक्षी ने कम्पाउंड राउंड टीम इवेंट 50 मीटर में रजत तथा 720 में 695 अंक हासिल कर सम्पूर्ण रैंकिंग में भी चांदी का तमगा जीता। साक्षी के इस प्रदर्शन से उसके प्रशिक्षक तथा माता-पिता के साथ ही हर गाजियाबाद का खेलप्रेमी खुश है। खुश होने की बात भी है इस बेटी ने अब तक उत्तर प्रदेश को खेलों में कई गौरवशाली उपलब्धियां दी हैं। इस बेटी की एकाग्रता, संयम और हार न मानने का जज्बा सबसे जुदा है। साक्षी के पिता जीतेन्द्र चौधरी उस समाज के लिए नजीर हैं जोकि बेटियों को बेटों से कम मानने हैं। साधारण घर की इस बेटी का असाधारण प्रदर्शन हर खेलप्रेमी के लिए पुलकित होने की बात है।

रिलेटेड पोस्ट्स