ग्वालियर की इशिका चौधरी को मध्य प्रदेश हॉकी टीम की कमान

करिश्मा यादव होंगी उप-कप्तान, दर्पण स्टेडियम की चार लड़कियां टीम में

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। गुजरात में हो रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में ग्वालियर की इशिका चौधरी को मध्य प्रदेश महिला हॉकी टीम की कमान सौंपी गई है। करिश्मा यादव को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। मध्य प्रदेश टीम में ग्वालियर के दर्पण मिनी स्टेडियम में हॉकी के प्रारम्भिक गुर सीखने वाली चार लड़कियों को जगह मिली है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्वालियर के दर्पण मिनी स्टेडियम में संचालित हॉकी फीडर सेंटर की चार हॉकी बेटियों को मध्य प्रदेश टीम में जगह मिलना बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है। इन चारों हॉकी बेटियों को इस खेल की प्रारम्भिक जानकारी देने का श्रेय प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को जाता है। दर्पण मिनी स्टेडियम से हॉकी की तालीम हासिल करने के बाद इन बेटियों को मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी में प्रवेश मिला और इनके खेल कौशल को मुख्य प्रशिक्षक परमजीत बरार ने निखारा।

इशिका और करिश्मा की जहां तक बात है यह दोनों बेटियां भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। इशिका चौधरी तो यूथ ओलम्पिक की सिल्वर मेडलिस्ट भी है। राष्ट्रीय खेलों के लिए मध्यप्रदेश की जो हॉकी टीम चयनित की गई उसमें दर्पण मिनी स्टेडियम ग्वालियर की इशिका चौधरी, करिश्मा यादव, नीरज राणा तथा प्रतिभा आर्य शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स