उन्नति ने किया कमाल, बैडमिंटन में जीता सोना

वर्ल्ड की चौथे नंबर की रैंकिंग वाली खिलाड़ी को हराकर जीता फाइनल
खेलपथ संवाद
पंचकूला।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में हरियाणा की बेटी उन्नति हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीता है। 14 साल की उन्नति लगातार एक-एक करके चैम्पियनशिप जीत रही है। उन्नति ने वर्ल्ड की चौथे नम्बर की रैंकिंग वाली खिलाड़ी तसनीम मीर को हराकर गोल्ड मेडल जीता है। पंचकूला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महिलाओं की बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में उन्नति हुड्डा ने तसनीम मीर को 2-1 से मात दी।
गुजरात की रहने वाली तसनीम मीर बैडमिंटन की वर्ल्ड जूनियर रैंकिंग में चौथा स्थान रखती है जबकि जूनियर रैंकिंग में उसका देश में पहला स्थान है। मंगलवार के मुकाबले में पहले सेट में तसनीम मीर ने उन्नति को कड़ी टक्कर दी और यह सेट 21-9 से जीत लिया। दूसरे सेट में उन्नति ने जोरदार वापसी की और इस सेट को 23-21 से अपने नाम किया। तीसरे सेट में उन्नति के खेल का दबदबा दिखा। उन्नति ने इस सेट में तसनीम को हावी नहीं होने दिया और इस सेट को 21-12 से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। तसनीम मीर को कांस्य पदक मिला जबकि हरियाणा की ही खिलाड़ी देविका सिहाग ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान अब तक हरियाणा कुल 72 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। 
मंगलवार को हरियाणा के खाते में 23 गोल्ड, 20 रजत और 29 कांस्य पदक आए। कबड्डी में लड़कियों के वर्ग में आज हरियाणा की छोरियों ने कमाल कर दिखाया और गोल्ड जीतने में सफल रहीं। हरियाणा की लड़कियों ने 48 अंक हासिल कर सोने पर कब्जा किया जबकि महाराष्ट के खिलाड़ियों को 29 अंक मिले। इसी प्रकार, हैमर थ्रो में हरियाणा के विनित ने 68.20 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया। यूं ही वालीबाल में हरियाणा के खिलाड़ियों ने रजत पदक प्राप्त किया। अगर आज के वेटलिफ्टिंग मैंच की बात करें तो हरियाणा की सोनाक्षी ने 174 अंक हासिल करके रजत पदक झटका। 
इसी तरह, 1500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में हरियाणा की ललिता ने 4 मिनट 51.60 सेंकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। मंगलवार को महाराष्ट्र और हरियाणा के मध्य हुए लड़कियों के कबड्डी के फाइनल मैच में हरियाणा ने गोल्ड मेडल हासिल किया। हरियाणा की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मैच को एकतरफा बनाए रखा और 48-29 के बड़े अंतर से महाराष्ट्र को मात दी। मैच के हाफ टाइम में हरियाणा का स्कोर 25 और महाराष्ट्र का 15 था तथा मैच की समाप्ति पर हरियाणा का स्कोर 48 तथा महाराष्ट्र 29 के स्कोर पर सिमटा गया। 
7 की उम्र में उन्नति ने खेलना शुरू किया बैडमिंटन
रोहतक जिले की उन्नति ने महज 7 साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। उन्हें इस खेल की कोचिंग कहीं और से नहीं बल्कि उनके पिता डॉ. उपकार हुड्डा से मिली। बाद में एकेडमी ज्वाइन की और कोच प्रवेश कुमार ने उन्हें तराशा। उन्नति ही नहीं बल्कि उनके छोटे भाई भी उन्हीं के रास्ते पर चल रहे हैं। 11 वर्षीय जयवर्धन हुड्डा भी बैडमिंटन खेलते हैं और स्टेट चैंपियनशिप जीत चुके हैं। उन्नति का कहना है कि उसका सपना भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करने का है। वह ओलंपिक में देश के लिए मेडल लेकर आना चाहती है।  
जुड़वां बहनों ने जीते दो मेडल 
अम्बाला। खेलो इंडिया गेम्स के तीसरे दिन आज विभिन्न मुकाबले हुए। आज रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हुआ। शहीद मुकेश आनंद बैडमिंटन हॉल में आयोजित रिदमिक जिम्नास्टिक में दो जुड़वां बहनें रिद्धि व सिद्धि ने बताया कि वह महाराष्ट्र के औरंगाबाद से यहां पर खेलने आये हैं। उन्होंने बताया कि आज भी खेलो इंडिया में उन्हें आलराउंड इवेंट में कांस्य पदक हैं। जबकि वाटिंग टेबल में सिल्वर मेडल हासिल किया है। यहां महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मेडल हासिल किए हैं। महाराष्ट्र की झोली में 2 सिल्वर और 4 ब्रांज पदक आए हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स