मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी की शूटर बेटियों ने जीते तीन स्वर्ण

64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्य प्रदेश के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि मंत्री नरोत्तम मिश्रा, वन मंत्री विजय शाह और औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के विशेष आग्रह पर 64वीं राष्ट्रीय महिला वर्ग के विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए शूटिंग अकादमी पहुंचे। सभी मंत्रियों ने नवनिर्मित 50 मीटर शूटिंग रेंज, शॉटगन रेंज और 10 मीटर शूटिंग रेंज का अवलोकन किया और शॉटगन रेंज पर निशाना भी साधा। तत्पश्चात 10 मीटर रेंज पर चल रहे महिला वर्ग के फायनल मुकाबलों को देखा एवं विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर पुरस्कृत किया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 3 स्वर्ण, 2 रजत और एक कांस्य सहित कुल छह पदक जीत लिए हैं। इसके साथ ही चैम्पियनशिप में अब तक 13 पदक जीत लिए हैं। 10 मीटर रायफल इवेंट में मध्य प्रदेश की अंशिका गुप्ता ने स्वर्ण और श्रेया अग्रवाल ने कांस्य पदक पर निशाना साधा। मप्र के खिलाड़ियों ने अन्य पदक टीम स्पर्धा में जीते। चैम्पियनशिप का आयोजन खेल और युवा कल्याण विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ के संयुक्त तत्वावधान में मप्र शूटिंग अकादमी बिसनखेड़ी में 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक किया जा रहा है।
मप्र की अंशिका गुप्ता ने 10 मीटर रायफल यूथ महिला व्यक्तिगत वर्ग में 250.4 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया वहीं हरियाणा और महाराष्ट्र को क्रमशः रजत तथा कांस्य पदक मिला। 10 मीटर रायफल यूथ महिला टीम इवेंट में मप्र की अंशिका गुप्ता, गौतमी भनोट और याना राठौर की टीम ने 1873.2 अंकों के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। हरियाणा को रजत और पश्चिम बंगाल ने कांस्य पदक जीता। 
10 मीटर रायफल महिला टीम इवेंट में मप्र की श्रेया अग्रवाल, मानसी सुधीर सिंह कठैत, अंशिका गुप्ता की टीम ने 1884.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। वहीं पंजाब को रजत और राजस्थान को कांस्य पदक मिला। 10 मीटर रायफल महिला टीम इवेंट सिविलियन में अंशिक गुप्ता, आशी चौकसे, रिशी की तिकड़ी ने 1868.1 अंकों के साथ रजत पदक जीता। स्पर्धा का स्वर्ण पश्चिम बंगाल और कांस्य कर्नाटक के खाते में गया। 10 मीटर रायफल जूनियर महिला टीम में मप्र मानसी सुधीर, अंशिका गुप्ता, आशी चौकसे की टीम ने 1875.5 अंकों के साथ रजत पदक जीता। 
स्पर्धा का स्वर्ण पदक पंजाब और कांस्य पदक कर्नाटक के नाम रहा। 10 मीटर रायफल महिला इंडिविजुअल इवेंट मप्र की श्रेया अग्रवाल ने 227.7 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, दिल्ली को स्वर्ण और हिमाचल प्रदेश को रजत पदक मिला।
प्रदेश के मंत्रियों से मिले  पदक विजेता खिलाड़ी
मध्य प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों ने शूटिंग अकादमी परिसर में पधारे प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, मंत्री विजय शाह, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर शूटिंग अकादमी की हाई परफारमेंस प्रशिक्षक सूमा शिरूर ने उन्हें खिलाड़ियों की उपलब्धियों से अवगत कराया। मंत्री समूह ने शूटिंग अकादमी की मुक्तकंठ से सराहना की। उल्लेखनीय है कि खेल और युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश ने खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के निर्देशन में 37 एकड़ भूमि पर विश्वस्तरीय शूटिंग रैंज की स्थापना की है, जिसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है।  

रिलेटेड पोस्ट्स