मध्य प्रदेश की मानसी दो वर्गों में पहले स्थान पर

64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी की मानसी सुधीर सिंह कठैत ने यहां खेली जा रही 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 के दो इवेंट में पहले दिन शीर्ष स्थान पर रहीं। क्वालिफिकेशन के पहले दिन महिला, जूनियर और यूथ के क्वालीफिकेशन राउंड खेले गए। 
64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप का आयोजन खेल और युवा कल्याण विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक किया जा रहा है। चैम्पियनशिप में 10 और 50 मीटर के इवेंट खेले जा रहे हैं।
चैम्पियनशिप के दूसरे दिन 10 मीटर रायफल महिला इवेंट में मध्य प्रदेश की मानसी ने 627 अंकों के साथ शीर्ष स्थान बनाया है। पंजाब की जासमीन कौर 626.90 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर और हिमाचल प्रदेश की नीना चंदेल 625.70 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 23 खिलाड़ियों में मध्य प्रदेश की आशी चौकसे 622 अंकों के साथ छठे और सृष्टि मिश्रा 620.50 अंकों के साथ 16वें स्थान पर हैं।
10 मीटर रायफल जूनियर महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की मानसी सुधीर सिंह कठैत 627 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। पंजाब की जासमीन कौर 626.90 अंकों के साथ दूसरे और मप्र की आशी चौकसे 622.70 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। 10 मीटर रायफल यूथ महिला वर्ग में राजस्थान की देवांशी कटारा 621.60 अंकों के साथ शीर्ष पर है। कर्नाटक की अक्षरा वनम 621.20 अंकों के साथ दूसरे और हरियाणा की वंशिका 620.40 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इन तीनों ही इवेंट के फाइनल मुकाबले 30 नवंबर को खेले जाएंगे। चैम्पियनशिप में देश भर की 41 यूनिट के कुल 3524 खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स