मध्य प्रदेश ने जीती 11वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता

खिताबी मुकाबले में हरियाणा को 1-0 से किया पराजित

खेलपथ संवाद

झांसी। मेजर ध्यान चंद स्टेडियम  में आज मध्य प्रदेश की लड़कियों ने शानदार खेल दिखाते हुए हरियाणा को 1-0 से पराजित कर 11वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता जीत ली। मुकाबले का एकमात्र गोल मध्य प्रदेश टीम की कंचन निधि केरकेट्टा ने खेल के नौवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से किया। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम न केवल अजेय रही बल्कि उसने बेहद मजबूत हरियाणा की टीम को पराजित कर खिताबी जश्न मनाया।

मध्य प्रदेश की जहां तक बात है उसकी लड़कियों ने समूची प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाया। ग्रुप मैचों में मध्य प्रदेश ने गुजरात को 28-0 से बुरी तरह पराजित किया था तो कांटे के सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 2-1 से पराजित कर खिताबी दौर से बाहर किया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र टीम की अधिकांश खिलाड़ी कभी मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी की ही प्रशिक्षु रही हैं। शुक्रवार को हरियाणा ने सेमीफाइनल मुकाबले में पंजाब को 3-0 से पराजित किया था।

आज खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों ही टीमों की रक्षापंक्ति बहुत मजबूत रही, यही वजह है कि गोलों की संख्या अधिक नहीं हो सकी। यह प्रतियोगिता खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश तथा हॉकी उत्तर प्रदेश के संयुक्त प्रयासों से आयोजित की गई थी। मध्य प्रदेश टीम के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार ने बताया कि इस खिताबी जीत से टीम का न केवल मनोबल बढ़ेगा बल्कि देर-सबेर खिलाड़ियों को भारतीय टीम से खेलने के अवसर भी मिलेंगे। सहायक प्रशिक्षक वंदना उइके ने कहा कि इस जीत में सभी खिलाड़ियों का बराबर योगदान है। आज खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया।

रिलेटेड पोस्ट्स