झारखंड और हरियाणा के बीच होगी खिताबी भिड़ंत

जूनियर नेशनल हॉकी का फाइनल आज
खेलपथ संवाद
सिमडेगा।
झारखंड व हरियाणा की टीमें राष्ट्रीय जूनियर महिला हाकी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होगा। गुरुवार को सेमीफाइनल मैच में हरियाणा ने कांटे के मुकाबले में चंडीगढ़ की टीम को 3-2 के अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। उधर दूसरे मैच में झारखंड की टीम ने महाराष्ट्र को 3-1 से हरा दिया।
खचाखच दर्शकों से भरे स्टेडियम में दोनों टीमों (हरियाणा और झारखंड) की हाकी खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हरियाणा की ओर दूसरे मिनट में नीलम ने पहला गोल किया। वहीं 21वें मिनट में प्रीति ने दूसरा गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। चंडीगढ़ टीम की ओर से 26वें मिनट में निधि और 30वें मिनट में आरती ने गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद 54वें मिनट में नीलम ने पेनाल्टी कार्नर से गोल दाग कर टीम को निर्णायक स्थिति पर ला दिया। चंडीगढ़ टीम की टीम इसके बाद गोल नहीं कर पाई और हार गई। जीत मिलते ही हरियाणा की बेटियां खुशी से उछल पड़ीं। हरियाणा टीम की कप्तान उषा ने कहा कि चंडीगढ़ टीम से संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत हासिल हुई है। उनकी टीम फाइनल में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
उधर, दोपहर बाद महाराष्ट्र और झारखंड की टीम के बीच सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हुआ। इस दौरान झारखंड टीम ने महाराष्ट्र को 3-1 से हरा दिया। झारखंड की टीम ने लगातार तीसरे वर्ष इस प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाई है। झारखंड टीम से 14वें मिनट में रोपनी कुमारी, 42वें मिनट में दीपिका सोरेंग एवं 50वें मिनट में काजल बाड़ा ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। महाराष्ट्र की ओर से एकमात्र गोल 17वें मिनट में काजल ने किया।
इससे पूर्व सिमडेगा एसपी डा. शम्स तबरेज ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर हाकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ ङ्क्षसह, हाकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, एसडीपीओ डेविड ए डोडराय, मनोज कोनबेगी उपस्थित थे। सिमडेगा के डीसी सुशांत गौरव, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, खेल पदाधिकारी तुषार राय और सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव ने भी खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया।
झारखंड की नजर खिताबी हैट्रिक पर
सिमडेगा में चल रहे जूनियर नेशनल महिला हाकी चैैंपियनशिप में शुक्रवार को जब झारखंड की बेटियां फाइनल खेलने को उतरेंगी तब उनकी नजर खिताबी हैट्रिक पर होगी। झारखंड की टीम पिछले दो बार की चैैंपियन है और दोनों ही बार यहां की बेटियों ने हरियाणा टीम को पराजित किया है। दोनों फाइनल में हरियाणा की टीम ने झारखंड को कड़ी टक्कर दी, लेकिन यहां की बेटियां टाईब्रेकर में दोनों बार विजयी रही। अब तीसरी बार दोनों टीमें फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ रही हैैं।
एक ओर जहां झारखंड की टीम खिताबी हैट्रिक बनाने को बेकरार है वहीं हरियाणा की टीम पिछले दो फाइनल की हार का बदला लेने को बेताब है। अब देखना यह है कि शुक्रवार को चमचमाती ट्रॉफी किसके पास जाती है।
झारखंड टीम की कोच प्रतिमा बारवा का मानना है कि इस बार भी हमारी टीम हरियाणा पर भारी पड़ेगी। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया है। हालांकि हमारी टीम हरियाणा को कमजोर नहीं मान रही है। पिछले दो फाइनल में हम विजेता अवश्य रहे हैैं, लेकिन हरियाणा की टीम ने हमें कड़ी टक्कर दी थी।
वहीं हरियाणा टीम के कोच आजाद सिंह मलिक ने बताया कि इस बार हम पिछले दोनों फाइनल में मिली पराजय का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। हम जानते हैैं कि झारखंड की टीम अच्छी है और अपने मैदान में खेलने का उन्हें लाभ मिलेगा। लोगों की भीड़ उनके साथ होगी इसके बावजूद हमारी बेटियां बेहतर प्रदर्शन करेगी।
टीम को जीत का तोहफा देना चाहती है बारा बहनें
झारखंड टीम की तरफ से जुड़वा बहनें काजल बारा व किरण बारा भी खेल रही है। गुरुवार को दोनों का जन्मदिन था और टीम के साथियों के साथ उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया। सेमीफाइनल मुकाबले में किरण बारा ने महाराष्ट्र के खिलाफ गोल भी दागा है। मैच के बाद रात में टीम के साथियों के अलावा भारतीय महिला हाकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा, हाकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव विजय सिंह, वरीय कोषाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद, हाकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी के साथ दोनों बहनों ने केक काटा। दोनों ने बताया कि आज सभी ने मेरे जन्मदिन का जश्न मनाया है कल यानि शुक्रवार को खिताबी जीत के साथ एक बार फिर जश्न मनाएंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स