मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी शानदार जीत के साथ फाइनल में

राजा करण हॉकी अकादमी हरियाणा से होगी खिताबी भिड़ंत

प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप

खेलपथ संवाद

भोपाल। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राउंड ग्लास पंजाब पर 6-2 से आसान जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला राजा करण हॉकी अकादमी हरियाणा से होगा। बुधवार को चैम्पियनशिप का फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। सेमीफाइनल मुकाबला मध्य प्रदेश की खेल मंत्री ने भी देखा।

हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चैम्पियनशिप का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर किया जा रहा है। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी और राउंड ग्लास पंजाब के बीच खेला गया। इस मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर में राउंड ग्लास पंजाब के आकाशदीप सिंह ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में मध्य प्रदेश अकादमी ने जोरदार वापसी कर दो गोल दागे और 2-1 बढ़त बना ली। यह गोल हिमांशु सानिक और हैदर अली ने किए। तीसरे क्वार्टर में भी मप्र अकादमी का पलड़ा भारी रहा। इसमें मप्र के लिए रजत ने बेहतरीन मैदानी गोल किया। इसके साथ मप्र ने 3-1 से बढ़त कायम की। चौथे क्वार्टर में मप्र अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी पूरी शक्ति झोंक दी। मप्र अकादमी ने इसमें तीन और राउंड ग्लास पंजाब के खिलाड़ियों ने एक गोल दागा। मप्र अकादमी के श्रेयस धोपे, हैदर अली व रजत ने शानदार मैदानी गोल किए वहीं राउंड ग्लास पंजाब के जश्नप्रीत सिंह ने एक मैदानी गोल किया। इस तरह मप्र अकादमी ने पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले तीन क्वार्टर में जोरदार खेल दिखाया और फाइनल का स्थान पक्का किया।

इससे पहले खेल गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में राजा करण हॉकी अकादमी ने नामधारी इलेवन पर 5-3 से रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। पहले क्वार्टर फाइनल में राजा करण अकादमी के आज्ञपाल ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में राजा करण हॉकी अकादमी के महकदीप सिंह और लवप्रीत ने गोल कर अपनी टीम को 3-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में नामधारी इलेवन ने जोरदार वापसी की। इस क्वार्टर में कुल चार गोल हुए इसमें पहला गोल राजा करण अकादमी के लवप्रीत ने दागा, इसके बाद तीन गोल नामधारी इलेवन के मोखराम ने दो व कप्तान राजिंदर सिंह ने किए। चौथे व अंतिम क्वार्टर में जोरदार हॉकी देखने को मिली दोनों टीमों के गोलकीपर ने शानदार खेल दिखाया। इस क्वार्टर में एकमात्र गोल लवप्रीत सिंह ने दागा और अपनी टीम का 5-3 से शानदार जीत दिलाई।

खेल मंत्री ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी और राउण्ड ग्लास पंजाब अकादमी के मध्य खेले गए सेमीफायनल मुकाबले को देखा। उन्होंने मंच से ही खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम ने हाल ही में अकादमी सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीती थी। राउण्ड ग्लास पंजाब अकादमी के खिलाड़ियों ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन म.प्र. हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों के तेज-तर्रार और निडर खेल के कारण उन्होंने घुटने टेक दिए। खेल मंत्री ने मैच समाप्ति के उपरांत दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनको अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी। इस पूरी प्रतियोगिता में निर्णायकों की भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका थी। इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता भी उपस्थित थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स