हिमांशु की हैट्रिक से मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी सेमीफाइनल में

राउंडग्लास पंजाब से होगा सेमीफाइनल
प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021
खेलपथ संवाद
भोपाल।
प्रथम जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021 के सातवें दिन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने टाटा नवल हॉकी अकादमी जमशेदपुर को 5-1 के अंतर से शिकस्त दी। दिन के अन्य मुकाबलों में राजा करण हॉकी अकादमी, राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी और नामधारी इलेवन ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 
हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चैम्पियनशिप का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर किया जा रहा है। चैम्पियनशिप में 25 अक्टूबर को रेस्ट डे रखा गया है। सेमीफाइनल मुकाबले 26 अक्टूबर को खेले जाएंगे। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने अपने क्वार्टर फाइनल में अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर को 5-1 से पराजित किया। मध्य प्रदेश की इस जीत में हिमांशु सनिक ने हैट्रिक जमाई। मैच के पहले दो क्वार्टर गोलरहित रहे। दोनों ही टीमों ने गोल के प्रयास किए लेकिन, किसी को भी सफलता हासिल नहीं हुई। 
मैच के तीसरे क्वार्टर में मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के श्रेयस धुपे ने मैदानी गोल दागते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दो मिनट बाद ही नवल टाटा के प्रदीप ने मैदानी गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के 40वें मिनट में मप्र हॉकी अकादमी के रजत ने गोल करके टीम की बढ़त को 2-1 कर दिया। इसके बाद हिमांशु ने 43वें और 44वें मिनट में नवल टाटा के गोलकीपर को छकाते हुए जगातार दो गोल दागे और टीम को 4-1 से बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर की शुरूआत में ही हिमांशु ने गोल करके मप्र हॉकी अकादमी की 5-1 से जीत तय कर दी। सेमीफाइनल में मप्र हॉकी अकादमी का मुकाबला राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी से होगा।
इससे पहले खेले गए दिन के पहले क्वार्टर फाइनल में राजा करण हॉकी अकादमी ने सैल्यूट हॉकी अकादमी को एकतरफा 7-1 से पराजित कर दिया। राजा करण हॉकी अकादमी ने पहले क्वार्टर से ही दबदबा बनाए रखा और लगातार गोल किए। पहले क्वार्टर में एक, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे क्वार्टर में सैल्यूट की ओर से 2-2 गोल किए गए। सैल्यूट हॉकी अकादमी की ओर से एकमात्र गोल तीसरे क्वार्टर में किया गया। राजा करण हॉकी अकादमी के लिए सर्वाधिक 3 गोल लवप्रीत सिंह ने किए, जबकि शुभम ने दो गोल दागे।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में राउंडग्लास पंजाब और साई अकादमी कोलकाता के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा। शूटआउट में राउंडग्लास ने साई अकादमी को 4-3 से पराजित किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा। राउंडग्लास पंजाब की टीम ने दूसरे क्वार्टर में दो गोल करते हुए 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में साई अकादमी ने दो गोल करते हुए स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद निर्णय के लिए शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें राउंडग्लास ने 4-5 से बाजी मार ली।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नामधारी इलेवन ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी को 4-4 की बराबरी पर रोका। इस रोमांचक मुकाबले के निर्णय के लिए भी शूटआउट का सहारा लिया गया। इसमें नामधारी इलेवन ने 5-4 से मुकाबला अपने नाम करके सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

रिलेटेड पोस्ट्स