नवल टाटा, नामधारी इलेवन, मुंबई स्कूल, गुमानहेरा, साई ने दर्ज की जीत

प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
भोपाल।
प्रथम जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021 के दूसरे दिन नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर, नामधारी इलेवन, मुंबई स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, गुमानहेरा राइजर्स अकादमी, साई अकादमी कोलकाता ने अपने-अपने लीग मुकाबले जीत लिए वहीं, दिन का अंतिम मुकाबला एचआईएम अकादमी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी के बीच ड्रॉ रहा। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चैम्पियनशिप का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर किया जा रहा है।
दिन के पहले मुकाबले में नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर ने बरार हॉकी अकादमी अमरावती को एकतरफा 15-0 से पराजित किया। नवल टाटा ने पहले ही क्वार्टर से दबाव बनाए रखा और गोल करते रहे। पहले क्वार्टर में 5, दूसरे में 4 और तीसरे तथा चौथे में 3-3 गोल किए। नवल टाटा के सेम मुंडा ने हैट्रिक सहित 4 गोल किए, जबकि अतीश डोडराई ने टीम के लिए 5 गोल किए।
दूसरे मुकाबले में नामधारी इलेवन ने भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागता को एकतरफा 20-0 से हराया। नामधारी की ओर से पहले, तीसरे और चौथे क्वार्टर में 6-6 गोल किए, जबकि दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागे। कप्तान राजिंदर सिंह ने टीम के लिए 7 गोल किए। वहीं, मनिंदर सिंह ने हैट्रिक समेत 6 गोल किए।
तीसरे मुकाबले में मुंबई स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने ध्यानचंद हॉकी अकादमी को 4-2 से शिकस्त दी। पहले क्वार्टर में मुंबई और दूसरे क्वार्टर में ध्यानचंद अकादमी ने गोल किए। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने 1-1 गोल किया। चौथे क्वार्टर में मुंबई ने 2 गोल करके मैच 4-2 से अपने नाम किया।
चौथे मुकाबले में गुमानहेरा राइजर्स अकादमी ने माता साहित कौर हॉकी अकादमी जरखड़ लुधियाना को एकतरफा 8-0 से हराया। टीम ने पहले और दूसरे क्वार्टर में 2-2, तीसरे में 1 और चौथे में 3 गोल किए। टीम के पंकज ने 3 और पी तरूण कुमार ने 2 गोल किए।
पांचवें मुकाबले में साई अकादमी कोलकाता ने सिटीजन हॉकी इलेवन को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से शिकस्त दी। साई ने पहले क्वार्टर में 2, दूसरे में 5 और चौथे में 1 गोल दागा। टीम के लिए सुरेश महतो और अंगद बीर सिंह ने 2-2 गोल किए।
दिन का छठा मैच एचआईएम अकादमी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। एचआईएम अकादमी ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में 1-1 गोल किए। मार्कंडेश्वर आकदमी ने चौथे क्वार्टर में 2 गोल करते हुए मुकाबला 2-2 की बराबरी पर ड्रॉ करवा लिया।
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी का मुकाबला आज
मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी और वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी के बीच 20 अक्टूबर को दोपहर 3ः30 बजे से मुकाबला खेला जाएगा। पूल-एच का यह लीग मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों ही टीमों के बीच लीग का यह पहला मुकाबला भी है। मप्र हॉकी अकादमी की टीम मुख्य कोच ओलंपियन समीर दाद और सहायक कोच बिट्टू सिंहरोहा के मार्गदर्शन में चैंपियनशिप में अपने अभियान की शुरूआत करेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स