ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी का जीत से आगाज

राजा करण हॉकी अकादमी, साई अकादमी, राउंडग्लास पंजाब, आरवी अकादमी ऑफ हॉकी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी भी जीते 
नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया जूनियर नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप का शुभारम्भ
खेलपथ संवाद
भोपाल।
प्रथम जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021 के पहले ही दिन ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी, राजा करण हॉकी अकादमी, साई अकादमी, राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी, आरवी अकादमी ऑफ हॉकी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चैम्पियनशिप का शुभारंभ नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। 
मंत्री श्री सिंह ने मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर हॉकी बॉल को हिट करके टूर्नामेंट की शुरूआत की। इस अवसर पर संचालक खेल रवि कुमार गुप्ता, हॉकी इंडिया एक्जीक्यूटिव बोर्ड के सदस्य और चयनकर्ता रजनीश मिश्रा तथा चयनकर्ता  सैयद अली सहित खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित थे। दिन के पहले मुकाबले में ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी ने बरार हॉकी अकादमी अमरावती को एकतरफा 11-0 से पराजित किया। विवेक सिंह अकादमी ने पहले क्वार्टर में 2, तीसरे क्वार्टर में 6 और चौथे क्वार्टर में 3 गोल दागे। टीम के धर्मेंद्र पाल ने 5 गोल किए। दूसरे मुकाबले में आरवी अकादमी ऑफ हॉकी ने भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागता को 6-1 से शिकस्त दी। भाई बेहलो अकादमी ने पहले क्वार्टर में गोल करके बढ़त बनाई। हालांकि, इसके बाद आरवी अकादमी ने दूसरे क्वार्टर में 4, तीसरे और चौथे क्वार्टर में 1-1 गोल करते हुए 6-1 से मुकाबला जीत लिया। 
तीसरे मुकाबले में राजा करण हॉकी अकादमी ने ध्यानचंद हॉकी अकादमी को एकतरफा 13-0 से हराया। राजा करण अकादमी ने पहले क्वार्टर में 2, दूसरे में 3, तीसरे में 2 और चौथे क्वार्टर में 6 गोल दागे। टीम के खिलाड़ी लवप्रीत सिंह ने मैच में हैट्रिक जमाते हुए कुल 6 गोल किए। दिन के चौथे मुकाबले में राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी ने गुमानहेरा राइजर्स अकादमी को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से पराजित किया। मैच का पहला गोल दूसरे क्वार्टर में गुमानहेरा राइजर्स की ओर से अमन शर्मा ने किया। तीसरे क्वार्टर में राउंडग्लास पंजाब की ओर से लगातार दो गोल किए। सवराज ने 34वें और कप्तान रविंदर सिंह ने 42वें मिनट में मैदानी गोल दागते हुए टीम को निर्णायक बढ़त बना ली। पांचवें मुकाबले में साई अकादमी ने एचआईएम अकादमी को 3-1 से पराजित किया। दिन के अंतिम मुकाबले में मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी ने सिटीजन हॉकी इलेवन को 6-0 से पराजित किया।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने को दी जा रहीं अनेक सुविधाएं: मंत्री श्री सिंह
मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री के मार्गदर्शन में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधायें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह सभी सुविधायें और भी बढ़ायी जायेंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट भी बढ़ाया गया है। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विवेक सागर द्वारा टोक्यो ओलम्पिक-2020 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने पर सरकार ने उन्हें डीएसपी के पद पर नियुक्ति दी है। साथ ही एक-एक करोड़ रूपये भी दिये हैं। एक मकान भी दिया जायेगा। महिला हॉकी टीम की सभी खिलाडियों को 31-31 लाख रूपये दिये गये हैं। श्री सिंह ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया।
खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका-संचालक खेल
संचालक खेल एवं युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता 18 से 27 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। हम एक और आयोजन को सफलतापूर्वक करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। खिलाड़ियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और जीत दर्ज करें। उन्होंने बताया कि प्रथम हॉकी सब जूनियर बालक नेशनल इंटर अकादमी हॉकी चैम्पियनशिप भोपाल में 4 से 13 अक्टूबर 2021 तक आयोजित हो चुकी है। इसमें मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी की टीम विजेता रही। उन्होंने सभी टीमों को चैम्पियनशिप में भागीदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

रिलेटेड पोस्ट्स