मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी क्वार्टर फाइनल में

प्रथम हॉकी इंडिया सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप
ओडिशा नवल टाटा, राउंडग्लास पंजाब और एसजीपीसी अकादमी भी अंतिम आठ में
खेलपथ संवाद
भोपाल।
भोपाल में खेली जा रही प्रथम सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021 के छठे दिन मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में तमिलनाडु हॉकी अकादमी को 7-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लीग मैचों के अंतिम दिन ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर, राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी और एसजीपीसी हॉकी अकादमी ने भी मुकाबले जीतकर अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे।चैम्पियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में साई सेंटर ग्राम गोरा में किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने अपने दूसरे लीग मुकाबले में तमिलनाडु हॉकी अकादमी को एकतरफा 7-0 से पराजित किया। मप्र ने पहले क्वार्टर में ही बढ़त बना ली। थोकचोम थोंगलेन ने 13वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में अरहम जमीर अंसारी ने 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मप्र अकादमी की बढ़त 2-0 कर दी। अगले ही मिनट में राजा भैया कोरी ने मैदानी गोल करते हुए टीम को 3-0 से आगे कर दिया। 
थोंगलेन ने 21वें मिनट में फिर एक बार मैदानी गोल करते हुए टीम को 4-0 से बढ़त दिला दी। मैच के तीसरे क्वार्टर में भी मप्र हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार रहा। समी रिजवान ने 32वें मिनट में गोल किया। इसके बाद सौरभ दांडे ने 40वें और 42वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए टीम को 7-0 से निर्णायक बढ़त दिला दी। चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर पाई।
अन्य मैचों में साई अकादमी ने मार्कंडेय हॉकी अकादमी को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। साई अकादमी की ओर से दोनों गोल अलमाज खान ने दूसरे और चौथे क्वार्टर में किए। एसजीपीसी हॉकी अकादमी ने मालवा हॉकी अकादमी हनुमानगढ़ को एकतरफा 7-0 से पराजित किया। वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी ने जय भारत हॉकी अकादमी को 2-1 केे करीबी अंतर से पराजित कर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

रिलेटेड पोस्ट्स