मध्य प्रदेश की महिला तीरंदाजों ने जीता स्वर्ण पदक

40वीं सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्यप्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी की महिला खिलाड़ियों ने 40वीं राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप के रिकर्व टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के चैम्पियनशिप में 2 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक सहित कुल 7 पदक हो गए हैं। चैम्पियनशिप का आयोजन जमेशदपुर में किया गया है।
अकादमी की तीरंदाज मौसम सिंह, विताशा ठाकुर, सोनिया ठाकुर और अमी राय की टीम ने फाइनल में झारखंड को 28-28 की बराबरी पर रोक दिया। मैच का परिणाम 10 अंकों के अधिक निशाने के आधार पर मध्यप्रदेश के पक्ष में रहा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश की टीम ने एसपीएसबी की टीम को 6-0 से, क्वार्टर फाइनल में पंजाब को रोमांचक मुकाबले में 26-25 से और सेमीफाइनल में राजस्थान को 26-25 के अंतर से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था। 

रिलेटेड पोस्ट्स