तीरंदाज मुस्कान किरार ने की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी

40वीं सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैम्पियनशिप, जमशेदपुर
तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने 40वीं राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जमशेदपुर में खेली गई प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी की मुस्कान किरार ने 150 में से 150 अंक हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने का गौरव हासिल किया। मप्र अकादमी की मुस्कान, रागिनी मार्को, सृष्टि, निकिता और चिराग ने मध्य प्रदेश के लिए पदक जीते। 
जमशेदपुर में खेली गई प्रतियोगिता में महिला कम्पाउंड टीम में मुस्कान किरार, रागिनी मार्को, सृष्टि और निकिता की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। मुस्कान ने व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में रजत पदक जीता। इसी स्पर्धा में रागिनी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। स्पर्धा का स्वर्ण पदक ज्योति सुरेखा ने अपने नाम किया। सेमीफाइनल में मुस्कान ने रागिनी के खिलाफ 150 में से 150 अंक हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की। इसके साथ ही यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बन गया है। रागिनी ने रैंकिंग राउंड में मप्र को दूसरा रजत पदक दिलाया। इसी स्पर्धा में मुस्कान ने कांस्य पदक अपने नाम किया वहीं, चिराग और रागिनी की जोड़ी ने मिश्रित युगल में महाराष्ट्र को 157-154 के अंतर से हराकर कांस्य पदक जीता। इस तरह मध्य प्रदेश ने एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उल्लेखनीय है कि मुस्कान सहित सभी खिलाड़ी मप्र राज्य तीरंदाजी अकादमी, जबलपुर में मुख्य कोच रिचपाल सलारिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स