भोपाल में पहले दिन हुई गोलों की बरसात

प्रथम हॉकी इंडिया सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021
खेलपथ संवाद
भोपाल।
देश में हॉकी का स्तर क्या है, इस बात का अंदाजा भोपाल में शुरू हुई प्रथम सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैम्पियनिशप-2021 के आयोजन से लगाया जा सकता है। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले दिन गोलों की बरसात देखने को मिली। साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक सत्यजीत संकृत के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। 
सत्यजीत संकृत ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता कोरोना काल के बाद आयोजित पहली प्रतियोगिता है। उन्होंने भोपाल में पधारे सभी खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और प्रशिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रतियोगिता से देश को चैम्पियन खिलाड़ी मिलेंगे। उन्होंने हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। शुभारंभ अवसर पर अर्जुन अवार्डी एवं साई भोपाल के हाई परफारमेंस डायरेक्टर यशपाल सिंह सोलंकी, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं बी.एस यादव उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के पहले दिन आज चार मुकाबले खेले गए। पहला मैच सोमवार को प्रातः 7.00 बजे बरार हॉकी अकादमी (विदर्भ) अमरावती विरूद्ध ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफारमेंस सेंटर के मध्य हुआ। जिसमें ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफारमेंस सेंटर ने 30-0 से बरार हॉकी अकादमी को परास्त किया। दूसरा मैच प्रातः 8ः45 बजे भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागटा विरूद्ध ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी के मध्य हुआ जिसमें ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी ने 12-1 से भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागटा को परास्त किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत तीसरा मैच 10.15 बजे चीमा हॉकी अकादमी विरूद्ध राजा करण हॉकी अकादमी के मध्य हुआ जिसमें राजा करण हॉकी अकादमी ने चीमा हॉकी अकादमी को 8-0 से परास्त किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत चौथा मैच अपराह्न 03.30 बजे सिटीजन हॉकी इलेवन विरूद्ध राउण्डग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी के मध्य हुआ। जिसमें राउण्डग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी ने 19-0 से सिटीजन हॉकी इलेवन को हराया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन चार मुकाबले खेले जायेंगे। प्रातःकाल 7.00 बजे से मुकाबले प्रारंभ होंगे। अंतिम मैच दोपहर 3.15 बजे खेला जायेगा। 

रिलेटेड पोस्ट्स