मुस्कान किरार ने कम्पाउण्ड टीम इवेंट में भारत को दिलाया रजत पदक

फाइनल में सर्वाधिक 80 में से 78 अंक अर्जित किए
खेलपथ संवाद
भोपाल।
यांकटन, अमेरिका में 19 से 26 सितम्बर, 2021 तक आयोजित सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में महिला कम्पाउण्ड टीम इवेंट में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की खिलाड़ी मुस्कान किरार ने कोलम्बिया के विरूद्ध फायनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। मुस्कान टॉप स्कोरर रहीं। भारत यह मुकाबला कोलम्बिया से हार गया। कोलम्बिया ने भारत को 229 के मुकाबले 224 अंकों से हराया। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मुस्कान किरार ने 80 में से 78 अंक अर्जित किए।
भारत की तरफ से इस टीम इवेंट में मुस्कान किरार (जबलपुर, मध्य प्रदेश), प्रिया गुर्जर (राजस्थान) और ज्योति (आन्ध्रप्रदेश) भारतीय टीम की सदस्य थीं। फायनल मुकाबले में कोलम्बिया ने भारत को 229 के मुकाबले 224 अंकों से हराया। भारत की तरफ से मुस्कान किरार ने 80 में से 78, प्रिया ने 80 में से 74 और ज्योति ने 80 में से 72 अंक अर्जित किए। बहुत ही संघर्षपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम कोलम्बिया से हार गई।
प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन तथा सेमीफाइनल में मेजबान अमेरिका को हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएसए की सशक्त टीम को मात्र एक अंक से हराया था। मुस्कान किरार ने इस पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। फायनल मुकाबले में भारत की तरफ से टॉप स्कोरर रहीं।
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत के लिए रजत अर्जित करने के लिए मुस्कान किरार को दूरभाष पर बधाई दी। उन्होंने म.प्र. राज्य तीरंदारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं भारतीय टीम के यूएसए में प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया को भी बधाई दी। उन्होंने मुस्कान को और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। 
मुस्कान किरार की उपलब्धियां
मुस्कान किरार मूलतः जबलपुर की रहने वाली हैं। मुस्कान को वर्ष 2018 में राज्य शासन ने एकलव्य पुरस्कार तथा वर्ष 2019 में विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया था। मुस्कान किरार ने एशियन गेम्स 2018 में रजत पदक अर्जित किया था। एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप बैंकाक थाईलैण्ड में टीम में सिल्वर। वर्ल्ड चैम्पियनशिप नीदरलैण्ड में कांस्य पदक अर्जित किया था। मुस्कान अब तक 14 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में मुस्कान ने एक स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक सहित भारत को कुल 10 पदक दिलाए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स