दद्दा ध्यानचंद की जयंती पर झांसी में फिर उठी भारत रत्न की मांग

निदेशालय खेल लखनऊ के पदाधिकारियों ने दिखाया हॉकी से अनुराग
खेलपथ संवाद
झांसी।
रविवार का दिन झांसी के लिए बेहद खास रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक उत्सव का आलम था। हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद की जयंती पर जहां खेल निदेशालय लखनऊ के पदाधिकारियों ने हॉकी से अनुराग दिखाया वहीं झांसीवासियों ने दद्दा को भारत रत्न देने की मांग दुहराई।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर झांसी में कई खेल प्रतियोगिताएं हुईं, शोभायात्राएं निकाली गईं और जगह-जगह हुए आयोजनों में झांसी वालों ने अपने ‘दद्दा’ को याद किया। देश के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री भी मेजर की कर्मभूमि पर मौजूद रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि झांसी की पहचान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से है।
अपने करिश्माई खेल के बूते दुनिया भर के खेलप्रेमियों को अपना मुरीद बनाने वाले मेजर ध्यानचंद का जन्म भले ही प्रयागराज में 29 अगस्त, 1905 को हुआ था। लेकिन, वे छह साल की उम्र में पिता के साथ झांसी आ गए थे और यहीं के होकर रह गए थे। झांसी वाले उन्हें सम्मान से ‘दद्दा’ कहकर पुकारते थे। रविवार को खेल संगठनों, सामाजिक व शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ राजनीतिक दलों ने दद्दा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च खेल सम्मान का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद किया गया है। इस पर प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। 
ध्यानचंद जिस मैदान (हीरोज फील्ड) में अभ्यास किया करते थे, उसके जीर्णोद्धार का काम पूरा होने के बाद उसे जनता को समर्पित किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 25 पूर्व व वर्तमान ओलम्पिक खिलाड़ियों ने शिरकत की। यहां हॉकी के दो प्रदर्शन मैच ध्यानचंद इलेवन बनाम रूप सिंह इलेवन तथा ओलम्पियन एकादश बनाम वुमेन एकादश के बीच हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने भी शिरकत की। वहीं मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हुए आयोजन में प्रदर्शनी हॉकी मैच हुआ, जिसका शुभारंभ केंद्रीय सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भानु प्रताप वर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व ओलम्पिक व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जूनियर व सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में भी कई खेल प्रतिस्पर्धाएं हुईं।
सुबह से देर शाम तक स्टेडियम, हीरोज फील्ड आदि स्थानों पर स्थापित मेजर ध्यानचंद की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का जमावड़ा बना रहा। इस अवसर पर दीपांजलि भी दी गई। पूरे झांसी ने मेजर ध्यानचंद को अपने-अपने ढंग से याद किया। सभी उत्साहित नजर आए।
नीता अंबानी और कनिष्क पांडेय को प्रेरक सम्मान
मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर ध्यानचंद हीरोज क्लब खेलकूद विकास समिति का 100वां स्थापना दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर तय हुआ कि खेलों को प्रेरित करने वालों को हर साल ध्यानचंद के जन्म दिवस पर पुरस्कृत किया जाए। इसके लिए पूर्व ओलंपियन, अर्जुन, लक्ष्मण व द्रोणाचार्य विजेताओं की सात सदस्यीय टीम गठित की गई। कमेटी ने पहला पुरस्कार रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी और तथा डा. कनिष्क पांडेय को देने की घोषणा की।
दिग्गजों के बीच हुआ प्रदर्शनी मैच
स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय भानु प्रताप वर्मा एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार युवा कल्याण एवं पंचायती राज विभाग उपेंद्र तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रदर्शनी मैच में झांसी राइडर व ध्यानचंद विजार्ड्स के मध्य खेला गया, जिसमें ध्यानचंद राइडर ने 02 गोल मैच जीता। विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद की स्मृति में पूर्व ओलम्पिक व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों अशोक ध्यानचंद, सुजीत कुमार, तुषार खांडेकर, जफर इकबाल, वीजे फिलिप्स, ओंकार सिंह, रोमियो जेम्स, जलालुद्दीन, विनीत कुमार, अशोक दीवान तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. आरपी सिंह, अब्दुल अजीज, खुर्शीद अली, सुबोध खांडेकर, मो. यूसुफ, आतिफ  इदरीस, हॉकी प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार आदि को बुके, शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने वर्चुअल उद्बोधन में अपने स्कूली जीवन में हॉकी के प्रति लगाव की जानकारी दी। मैच प्रारंभ होने से पूर्व आर्मी बैंड ने देशभक्ति के गीतों की धुनों को सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध किया।
मेरठ में दद्दा के नाम पर बना रहा है क्रीड़ा विश्वविद्यालय: उपेंद्र तिवारी
झांसी की पहचान हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद से है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने प्रदेश सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। उक्त बातें प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने हीरोज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कहा।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर क्रीड़ा विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। श्री तिवारी ने कहा कि क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के प्रयासों का परिणाम है कि दद्दा के जन्मदिन को खेल दिवस के रूप में घोषित किया गया। विधायक रवि शर्मा की विधायक निधि से हीरोज ग्राउंड के सामने पहाड़ी पर स्थित ध्यानचंद की मूर्ति के पास बड़े अक्षरों में ‘आई लव झांसी’ लिखा जाएगा। यह झांसी से गुजरने वाली ट्रेनों और यहां की जनता को दूर से दिखाई देगा। समाज सेविका अनुराधा शर्मा, डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, प्रदीप जैन आदित्य ने भी लोगों को सम्बोधित किया।
कार्यक्रम आयोजक मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद ने झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. धन्नूलाल गौतम, समाज सेविका डॉ. नीति शास्त्री, जीवनधारा फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार तिवारी, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य नीलेश बुधौलिया सहित सभी अतिथियों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राहुल रिछारिया, मनीष पाठक, सोम तिवारी, शालिनी गुरबक्शानी, अशोक गुरबक्शानी, अजय चड्ढा, रामकुमार शुक्ला, कन्हैया कपूर, इम्तियाज हुसैन, संजय चड्ढा, अशोक सेन पाली, इशरत अली आदि उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स