हॉकी स्टॉर विवेक सागर को मिलेगा र्स्वोच्च विक्रम पुरस्कार

अभय छजलानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

खेलपथ संवाद

भोपाल। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कारों के लिए गठित चयन समिति की अनुशंसा व प्रदेश की खेल तथा युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के अनुमोदन उपरांत राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई। एक राय से हॉकी स्टॉर विवेक सागर को र्स्वोच्च विक्रम पुरस्कार देने का फैसला लिया गया।

संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने राज्यस्तरीय खेल अलंकरण पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020 के लिए राज्य शासन द्वारा 13 एकलव्य, 10 विक्रम, 03 विश्वामित्र, 01 प्रभाष जोशी और 01 लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिए जाएंगे। श्री जैन ने बताया कि वर्ष 2020 के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार पद्मश्री अभय छजलानी को दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के ओलम्पिक हॉकी स्टॉर खिलाड़ी विवेक सागर को राज्य के सर्वोत्तम विक्रम पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

संचालक श्री पवन जैन ने बताया कि वर्ष 2020 के राज्यस्तरीय खेल पुरस्कारों के लिए एकलव्य के लिए 110 आवेदन, विक्रम पुरस्कार के 95, विश्वामित्र पुरस्कार के लिए 34, प्रभाष जोशी पुरस्कार के 03 तथा लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए 21 आवेदन प्राप्त हुए थे। 

यह खेल हस्तियां होंगी सम्मानित

एकलव्य पुरस्कारः- व्यक्तिगत खेल में- सुषमा वर्मा क्याकिंग-कैनोइंग सीहोर, तुषिता सिंह सॉफ्ट टेनिस भोपाल, स्पर्श खरे वुशू जबलपुर, अर्जुन सिंह घुड़सवारी भोपाल, सुनील डाबर एथलेटिक्स बड़वानी, गौरांशी शर्मा बैडमिंटन (दिव्यांग) भोपाल, राममिलन यादव सेलिंग टीकमगढ़, अंकित शर्मा फेंसिंग, ग्वालियर, अनुराधा अहिरवार तीरंदाजी भोपाल, प्रीति रजक शूटिंग होशंगाबाद एवं शशांक पटेल ताइक्वांडो भोपाल। दलीय खेल में-  साधना सेंगर हॉकी होशंगाबाद।

ओलम्पिक/एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेल में - ध्रुवराज कुर्रे पॉवरलिफ्टिंग भोपाल को एकलव्य पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।

विक्रम पुरस्कार:- व्यक्तिगत खेल में- विश्वजीत सिंह कैनो-स्लॉलम होशंगाबाद, सुनिधि चौहान शूटिंग भोपाल, निधि नन्हेट कराते बालाघाट, परिधि जोशी घुड़सवारी इन्दौर, मंजू बम्बोरिया बॉक्सिंग उज्जैन, एकता यादव सेलिंग भोपाल। दलीय खेल में- विवेक सागर प्रसाद हॉकी होशंगाबाद, हर्षवर्धन तोमर बास्केटबॉल ग्वालियर। ओलम्पिक/एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेल- मलखम्ब में पूजा मालवीय, उज्जैन तथा दिव्यांग श्रेणी में प्राची यादव पैरा कैनो, ग्वालियर के नाम की घोषणा की गई है।

विश्वामित्र पुरस्कार:- व्यक्तिगत खेल में- वीरेन्द्र डबास, पैरा स्वीमिंग एवं पैरा एथलेटिक्स, ग्वालियर, रिचपाल सिंह सलारिया, तीरंदाजी जबलपुर तथा दलीय खेल में - डॉ. हबीब हसन को वर्ष 2020 का विश्वामित्र पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।

लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार:- अभय छजलानी, पद्मश्री तथा पूर्व अध्यक्ष इन्दौर टेबल टेनिस संघ को वर्ष 2020 के लाइफ टाइम पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार:- वर्ष 2020 के प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार से उज्जैन की मल्लखम्ब खिलाड़ी वैष्णवी कहार को नवाजा जायेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स