पोलैंड में मध्य प्रदेश के तीरंदाज अमित का शानदार प्रदर्शन

कैडेट यूथ वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में फहराया तिरंगा

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। हाल ही पोलैंड के रॉकला सिटी में खेली गई कैडेट यूथ विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के होनहार तीरंदाज अमित कुमार ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अमित ने  80 में से 72 तथा सर्विसेस के विशाल चंगमय और विक्की कुशाल ने 73-73 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

कैडेट यूथ वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप के रिकर्व कैडेट मिक्स टीम इवेंट में भारत ने जापान को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। जबकि रिकर्व कैडेट पुरूष की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारतीय टीम के खिलाड़ी विशाल चंगमय ने 6-4 से कजाकिस्तान को हराकर देश को कांस्य पदक दिलाया। मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वर्ण पदक विजेता भारतीय तीरंदाजी टीम के खिलाडियों को बधाई दी। खेल मंत्री सिंधिया ने भारतीय टीम के कोच सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वंतत्रता दिवस पर भारतीय तीरंदाजी टीम की जीत से दोहरी खुशी मिली है। हमारे खिलाड़ियों ने पोलैंड में तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया है जिस पर हमें गर्व है।

संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने देश को स्वर्ण पदक दिलाकर देश का परचम फहराने वाली भारतीय तीरंदाजी टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश को स्वर्ण पदक दिलाने में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के होनहार खिलाड़ी अमित कुमार का बहुमूल्य योगदान रहा है। खेल संचालक ने भारतीय तीरंदाजी टीम और मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया को बधाई देते हुए कहा कि श्री सलारिया के नेतृत्व में पोलैंड गई भारतीय तीरंदाजी टीम ने देश को दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक दिलाए, यह देश के लिए गौरव की बात है।

रिलेटेड पोस्ट्स