मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वंदना को किया सम्मानित

हॉकी बेटी को दिया 25 लाख रुपये का चेक
खेलपथ संवाद
हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को सीधे नई दिल्ली से लौटने के बाद हरिद्वार जिले दौरे पर रहे। गुरुवार को वह भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर गए और उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया से मुलाकात कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने शॉल ओढ़ाकर वंदना को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलम्पिक में हैटट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया है। जिससे हॉकी स्टार वंदना कटारिया ऐसी बच्चियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी, जो दूरस्थ क्षेत्रों में बहुत अभाव और कमी में रहती हैं। इससे वंदना अपने साथ-साथ ऐसी बेटियों को भी आगे बढ़ाने का काम कर सकेंगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन के लिए वंदना को 25 लाख रुपये का चेक और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया। बता दें कि वंदना कटारिया को महिला सशक्तीकरण के तहत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान का ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया गया है। तीलू रौतेली पुरस्कार के तहत वंदना को 31 हजार रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वंदना ने टोक्यो ओलम्पिक में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है।
उत्तराखंड की बेटी ने एक मैच में हैटट्रिक बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने वन्दना को आगे भी इसी मनोबल से खेलने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें इसके लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। उन्होंने वंदना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, यतीश्वरानन्द, विधायक आदेश चौहान, देशराज कर्णवाल, सचिव हरि चन्द्र सेमवाल एवं वंदना कटारिया के परिजन मौजूद रहे।
हरिद्वार पहुंचने पर वंदना का वंदन और अभिनंदन 
टोक्यो ओलम्पिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैटट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के हरिद्वार पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। रोशनाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य सम्मान समारोह में ढोल-नगाड़ों की थाप और चक दे इंडिया के नारों के साथ वंदना का जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान वंदना कटारिया ने कहा कि भले ही मेडल नहीं जीत पाई हों, लेकिन हमने देश का दिल जीता है। आज भारत में हॉकी-हॉकी हो रही है। वंदना कटारिया ने कहा कि गांव आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों का जो प्यार मिला है उसके लिए सबका आभार जताती हूं।
उन्होंने कहा कि अब आगामी समय में कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप की तैयारी करनी है। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि रोशनाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम से बहुत से खिलाड़ी निकलें। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के खेल ने पूरे देश का दिल जीता है।
कांग्रेस सरकार में शिलान्यास होते थे, लोकार्पण नहीं: सीएम 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार के दौरान विकास कार्यों के शिलान्यास तो होते थे, लेकिन लोकार्पण नहीं। भाजपा की सरकार में जिन कार्यों के शिलान्यास हो रहे हैं, उनका लोकार्पण भी हो रहा है। खादर क्षेत्र में राजकीय महिला महाविद्यालय खुलने से बालिकाओं को अच्छी शिक्षा मिलेगी।
बृहस्पतिवार को दल्लावाला गांव में राजकीय महिला महाविद्यालय के भवन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय खुलने पर क्षेत्र की जनता को बधाई दी। कहा कि बालक और बालिकाएं एक साथ पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार में भ्रष्टाचार और झूठी घोषणाएं हुई हैं, लेकिन हम पारदर्शिता से सरकार चलाएंगे। अब किसी भी कार्यालय में कोई कागज नहीं पड़ा रहेगा। सभी की समस्या का निदान होगा। हर किसी की ऊपर से नीचे तक सुनवाई होगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जब वह पहली बार मिले तो पता चला कि वह उत्तराखंड के बारे में शायद सबसे अधिक जानते हैं। प्रधानमंत्री ने उनसे हरिद्वार जिले के गन्ना किसानों, धान की फसल और बाढ़ पर बातचीत की।

रिलेटेड पोस्ट्स