19 को उत्तर प्रदेश सरकार करेगी खिलाड़ियों पर धनवर्षा

प्रदेश के अंशकालिक प्रशिक्षकों की सुध कौन लेगा? 
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
ओलम्पिक खेलों में भारत के अब तक के श्रेष्ठ प्रदर्शन के जश्न को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी बेहतरीन ढंग से मनाया जाएगा। टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों पर उत्तर प्रदेश सरकार भी धनवर्षा करने जा रही है। बेहतर होता प्रशिक्षकविहीन उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों पर धनवर्षा करने से पहले प्रदेश के अंशकालिक प्रशिक्षकों की सुध लेती क्योंकि प्रदेश के प्रशिक्षक पिछले 17 महीने से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 19 अगस्त को टोक्यो ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने वाले देश के सभी खिलाड़ियों के साथ ही इसमें भाग लेने वाले उत्तर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करने का बड़ा समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही 41 वर्ष बाद ओलम्पिक में पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हाकी टीम के सभी खिलाड़ियों को भी एक-एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 19 अगस्त को खेल जगत का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टोक्यो ओलम्पिक खेल में पदक जीतने वाले सभी सात खिलाड़ियों के साथ ही 41 वर्ष बाद ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित करेंगे। 
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी तथा प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण कल्पना अवस्थी ने गुरुवार को इस कार्यक्रम की तैयारी को परखने के साथ ही आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय से समस्त तैयारियां पूर्ण करने के लिए निर्देश भी दिए। इस मौके पर लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर, निदेशक खेल आर.पी. सिंह सहित आयोजन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से टोक्यो ओलम्पिक-2020 में स्वर्ण पदक प्राप्त विजेता एथलीट नीरज चोपड़ा को दो करोड़ रुपया। रजत पदक प्राप्त करने वाली भारोत्तोलन मीराबाई चानू तथा पहलवान रवि दहिया को डेढ़-डेढ़ करोड़ और कांस्य पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहन, पहलवान बजरंग पूनिया तथा पुरुष हॉकी टीम के सभी सदस्यों को एक-एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। भारत की महिला हॉकी टीम तथा चौथे स्थान पर रहने वाले पहलवान दीपक दहिया तथा महिला गोल्फर आदित्य अशोक को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से टोक्यो ओलम्पिक खेल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी।
प्रमुख सचिव खेल कल्पना अवस्थी ने बताया कि टोक्यो ओलम्पिक-2020 में भारत की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले देश के नामचीन खिलाड़ियों के साथ ही इसमें देश का प्रतिनिधित्व करने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। हॉकी टीम के मुख्य प्रशिक्षक को 25 लाख रूपये की धनराशि दी जाएगी। वाराणसी के हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय को 25 लाख रूपये की अतिरिक्त राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जायेगी। ओलम्पिक में चतुर्थ स्थान पर रहने वाली महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को 50-50 लाख रूपये की धनराशि दी जायेगी। टीम के मुख्य प्रशिक्षक को 25 लाख रूपये तथा टीम के अन्य सदस्यों को 10-10 लाख रूपये की राशि प्रदान की जायेगी। 
हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को 25 लाख रूपये की अतिरिक्त धनराशि पुरस्कार सवरूप दी जायेगी। कल्पना अवस्थी ने बताया कि कुश्ती में चौथे स्थान पर रहने वाले पहलवान दीपक पूनिया तथा महिला गोल्फ खिलाड़ी आदित्य अशोक को 50-50 लाख रूपये की राशि दी जायेगी। इनके अलावा उत्तर प्रदेश से आलम्पिक में प्रतिभाग करने वाले आठ खिलाड़ियों को 25-25 लाख रूपये देकर सम्मानित किया जायेगा।
प्रमुख सचिव ने बताया कि 19 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को फ्लाइट टिकट के साथ ठहरने के लिए बेहतर प्रबंध किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन खेल विभाग व गृह विभाग संयुक्त रूप से करेगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने हर जिले से 75-75 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। खिलाड़ियों को लाने व ले जाने के साथ उनके रुकने की समुचित व्यवस्था की गई है। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स