अन्य खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बन गए हैं विवेक सागरः यशोधरा राजे

मैं पदक का कलर चेंज करना चाहूंगा-ओलम्पियन विवेक सागर
खेलपथ संवाद
भोपाल।
टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर विश्व में देश का परचम फहराने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टॉर खिलाड़ी विवेक सागर का भोपाल विमानतल पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विवेक सागर के स्वागत के लिए एयर पोर्ट पहुंचीं खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया उस वक्त भावुक हो उठीं जब उन्हें विवेक सागर ने टोक्यो ओलम्पिक में जीता मेडल उनके हाथ में सौंपा। 
खेल मंत्री ने मेडल को पहले अपने मस्तक से लगाया फिर मेडल विवेक के गले में पहनाकर वे भावुक हो गईं और उनकी आंखें खुशी से नम हो गईं। जब विवेक सागर से पूछा गया कि अगली बार स्वर्ण पदक लाएंगे तो विवेक सागर का कहना था कि जी हां, मैं मेडल का कलर चेंज करना चाहूंगा। उनकी इस बात पर खेल मंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए करतल ध्वनि से विवेक की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब शुरुआत तो हो गई है। विवेक सागर ने आसमान को छू लिया है। दूसरे खिलाड़ियों के लिए विवेक सागर रोल मॉडल बन गए हैं। अन्य खिलाड़ियों को चाहिए कि वे भी विवेक सागर की तरह पदक जीतकर आसमान को छुएं। उन्होंने कहा कि विवेक सागर ने यह साबित कर दिखाया है कि मध्य प्रदेश भी ओलम्पिक में मेडल जीत सकता है। इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन, संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान और बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे।

रिलेटेड पोस्ट्स