निशी चौधरी ने माना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का आभार

कहा- इससे बढ़ेगा हॉकी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का मनोबल

श्रीप्रकाश शुक्ला

ग्वालियर। कहते हैं कि खिलाड़ी का पसीना सूखने से पहले ही यदि उसको ईनाम मिल जाए तो उसमें नया उत्साह पैदा हो जाता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में हुए एक गरिमामय समारोह में जिस तरह हॉकी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का मान बढ़ाया और उन्हें प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया उससे समूचे देश के हॉकीप्रेमी उनकी तारीफ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान की इस उदारता और हॉकी के प्रति उनके अनुराग से भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह चौधरी की धर्मपत्नी अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निशी चौधरी भी काफी प्रभावित हैं। उन्होंने श्री चौहान का दिल से आभार माना है।

निशी चौधरी ने खेलपथ से बातचीत में कहा कि श्री चौहान ने पुश्तैनी खेल के प्रति जिस तरह की दिलचस्पी दिखाई है उसके देश में बिरले उदाहरण हैं। गौरतलब है कि 41 साल बाद हॉकी में देश को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक और अपने समय के सबसे तेज-तर्रार फारवर्ड खिलाड़ियों में शुमार शिवेन्द्र सिंह चौधरी का भारतीय टीम को फौलादी बनाने में अहम योगदान है। आज श्री चौहान ने मध्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद को मिंटो हॉल भोपाल में एक करोड़ रुपये का चैक भेंट करते हुए शिवेन्द्र सिंह चौधरी को भी 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।  

उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य के रूप में शामिल विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के विरुद्ध गोल किया था जिसके फलस्वरूप भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकी थी। ओलम्पिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के ग्राम चांदौन निवासी शिक्षक रोहित प्रसाद के बेटे विवेक सागर मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफील्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक 62 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिन्हे वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा एकलव्य अवार्ड से सम्मानित किया गया था। विवेक सागर वर्तमान में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड में कार्यरत हैं।

इसी प्रकार टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह चौधरी मूलतः ग्वालियर, मध्य प्रदेश के हैं। एयर इंडिया में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत शिवेन्द्र सिंह ने लंदन ओलम्पिक 2012 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कामनवेल्थ गेम्स-2010 दिल्ली में रजत पदक, एशिया कप 2004 में स्वर्ण पदक, सुल्तान अजलॉन शाह कप 2010 मलेशिया में स्वर्ण, चैम्पियन चैलेंज-2007 बेल्जियम और 2009 साल्टा तथा एशियन गेम्स 2010 में एक-एक कांस्य पदक देश को दिलाए थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स