वंदना बनीं 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एम्बेसडर

खेल मंत्री अरविंद पांडेय बोले- बढ़ाया देश का मान
खेलपथ संवाद
हरिद्वार।
प्रदेश के खेल मंत्री अरविंद पांडेय रविवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के रोशनाबाद स्थित घर पर पहुंचे। उन्होंने वंदना की मां सोरण देवी,भाई चंद्रशेखर कटारिया, लाखन कटारिया, पंकज, सौरभ आदि को पुष्पगुच्छ भेंटकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सीएम पुष्‍कर सिंह धामी का वंदना कटारिया को उत्तराखंड में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडर बनाने की घोषणा के बाद श‍िक्षा मंत्री ने संबंधी प्रमाण पत्र स्वजन को सौंपा।
इस मौके पर खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलम्पिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्व में भारत और उत्तराखंड प्रदेश का मान बढ़ाया है। वंदना को आगे बढ़ाने में उनके स्वजन ने जो सहयोग किया और योगदान दिया है वह सराहनीय है। आसपास के बच्चे जिन्होंने वंदना को बचपन से देखा है वह उसकी सफलता से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। हमने बड़े मन से उत्तराखंड की खेल नीति बनाई है।
खिलाड़ियों को आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सरकारी सेवाओं में उन्हें अवसर देने की व्यवस्था की है। खिलाड़ियों को खेल की ट्रेनिंग लेने में कोई दिक्कत न हो इसके लिये फंड की स्थापना करने की कोशिश कर रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से वंदना का जोरदार स्वागत किया जाएगा और यथोचित सम्मान दिया जाएगा।
इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि ओपी जमदग्नि, एडीएम केके मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज, संतोष कुमार चमोला, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, सहायक क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव, नेहा जोशी समेत राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि वंदना के घर तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया जा चुका है।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन हरिद्वार के पदाधिकारियों ने भी वंदना कटारिया के स्वजन को शाल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्वागत करने वालों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार,जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, लक्सर अध्यक्ष अमर क्रांति, विनेश चौहान, मनोज वर्मा आदि उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स