सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में मुस्कान बढ़ाएंगी एमपी का मान

जबलपुर की तीरंदाज यूएसए में करेगी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व
खेलपथ संवाद
भोपाल।
यूएसए के यांगटन में 19 से 26 सितम्बर, 2021 तक होने जा रही सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी, जबलपुर की खिलाड़ी मुस्कान किरार भारतीय तीरंदाजी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में मुस्कान के चयन होने पर खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुस्कान किरार को बधाई दी है। 
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के सोनीपत में दो से 5 अगस्त, 2021 तक सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप के लिए खेले जा रहे ट्रायल में मुस्कान किरार द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका भारतीय तीरंदाजी टीम में चयन हुआ है। मुस्काव मध्य प्रदेश की एकमात्र चयनित खिलाड़ी हैं। तीन पुरूष और तीन महिला खिलाड़ियों की भारतीय तीरंदाजी टीम में दिल्ली के अभिषेक वर्मा, पंजाब के संगमप्रीत और हरियाणा के रिषभ यादव तथा महिला खिलाड़ियों में मुस्कान किरार के अलावा पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की ज्योति सुरेखा और राजस्थान की प्रिया गुर्जर शामिल हैं। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने भी मुस्कान किरार को सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।  
मुस्कान की उपलब्धियां
मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016 से तीरंदाजी खेल में प्रतिभा निखार रही मुस्कान किरार दो बार की एशिया कप चैम्पियन हैं। उन्होंने दो स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य सहित 11 पदक देश को दिलाए हैं। मुस्कान ने वर्ष 2019 में बैंकाक थाइलैंड में आयोजित 21वीं एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप के कंपाउंड टीम इवेंट में देश को रजत पदक दिलाया। इसी वर्ष नीदरलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैम्पियनशिप के कम्पाउंड टीम इवेंट में देश को कांस्य पदक दिलाया। उन्होंने वर्ष 2018 में एशिया कप स्टेज 1 में व्यक्तिगत स्पर्धा में एक स्वर्ण और टीम स्पर्धा में एक कांस्य पदक भारत को दिलाया। इसी तरह वर्ष 2019 में बैंकाक थाइलैंड में आयोजित एशिया कप स्टेज-1 की व्यक्तिगत स्पर्धा में एक स्वर्ण और टीम स्पर्धा में एक रजत तथा मिक्स टीम स्पर्धा में एक कांस्य पदक देश को दिलाया। उन्होंने वर्ल्ड कप और एशिया कप में देश को चार रजत पदक दिलाए हैं। मुस्कान किरार खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा जबलपुर में संचालित तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार रिचपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स