विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे अमित कुमार

खेलपथ संवाद

भोपालपोलैंड के रॉकला सिटी में 9 से 15 अगस्त, 2021 तक आयोजित कैडेट विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के प्रतिभावान खिलाड़ी अमित कुमार भारतीय तीरंदाजी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अमित कुमार के भारतीय तीरंदाजी टीम में चयन होने पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अमित कुमार को बधाई दी है। उन्होंने अमित को विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने और देश के लिए पदक जीतने के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।     

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016 से प्रशिक्षणरत अमित कुमार अकादमी के प्रशिक्षक रिछपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। अमित ने वर्ष 2018 में पुणे महाराष्ट्र में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के टीम इवेंट में मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया था। इसी वर्ष विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश में आयोजित मिनी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण तथा मिक्स टीम इवेंट में मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। उन्होंने मार्च, 2021 में देहरादून उत्तराखंड में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य एवं मिक्स टीम स्पर्धा में मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया।

रिलेटेड पोस्ट्स