स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये देगी योगी सरकार

खेलपथ संवाद
वाराणसी।
पिछले 17 माह से बिना प्रशिक्षकों के बाधित खेल गतिविधियों से बेखबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को प्रदेश सरकार छह करोड़ रुपये का ईनाम देगी। गौरतलब है कि टोक्यो ओलम्पिक में उत्तर प्रदेश के 10 खिलाड़ी शिरकत करने जा रहे हैं जिसमें चार एथलीट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के ऐसे 10 खिलाड़ियों का जिक्र किया जो कि टोक्यो ओलम्पिक में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्पर्धा में विजेता खिलाड़ी को स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़ जबकि टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को तीन करोड़ रुपये का ईनाम दिया जाएगा वहीं, प्रदेश सरकार प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि भी देगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे में पत्रकारों से बातचीत में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की बात कही। उन्होंने कहा कि ‘खूब खेलो, खूब बढ़ो’ मिशन के तहत चलने वाली योजना के तहत प्रदेश भर में खेल सुविधाओं में इजाफा किया गया है ताकि प्रदेश का खेल भविष्य बेहतर बने। साथ ही खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए तमाम योजनाएं बनाई गई हैं।
यूपी से टोक्यो ओलंपिक में इस साल सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी एथलेटिक्स से चयनित हुए हैं। इसमें प्रियंका गोस्वामी (20 किलोमीटर पैदल चाल), सीमा पुनिया (चक्का फेंक), शिवपाल सिंह (भाला फेंक) और अन्नू रानी (भाला फेंक) शामिल हैं। इसके अलावा हॉकी से पुरुष टीम में ललित उपाध्याय और महिला टीम से वंदना कटारिया को शामिल किया गया है। इसके अलावा शूटिंग में सौरभ चौधरी और मेराज खान को टोक्यो ओलम्पिक में भाग लेने का मौका मिला है, जबकि बॉक्सर सतीश कुमार और रोअर अरविंद सोलंकी भी अपना जलवा बिखेरेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स