कानपुर ओलम्पिक संघ बढ़ाएगा टोक्यो जा रहे खिलाड़ियों का हौसला

11 जुलाई को कानपुर के खेलप्रेमी निकालेंगे पदयात्रा

खेलपथ प्रतिनिधि

कानपुर। टोक्यो ओलम्पिक में शिरकत करने जा रहे 118 सदस्यीय भारतीय दल के उत्साहवर्धन के लिए कानपुर ओलम्पिक संघ 11 जुलाई को सुबह सात बजे से एक पदयात्रा का आयोजन करने जा रहा है। दो कदम खिलाड़ियों के नाम पदयात्रा में कानपुर के सैकड़ों राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित हजारों खेलप्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।

इस पदयात्रा और भव्य आयोजन पर कानपुर ओलम्पिक संघ के सचिव रजत आदित्य दीक्षित का कहना है कि 11 जुलाई रविवार को प्रातः सात बजे कानपुर के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और अधिकारी ओलम्पियनों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें शुभकामना संदेश प्रेषित करने के लिए शिवाजी मूर्ति मोती झील से कारगिल पार्क मोती झील तक पदयात्रा निकालेंगे। इतना ही नहीं दो कदम खिलाड़ियों के नाम पदयात्रा निकालने के बाद खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए कारगिल पार्क के सामने एक मानव श्रृंखला का निर्माण करेंगे।

कार्यक्रम की संयोजिका सुनीता यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कानपुर ओलम्पिक संघ के बैनर तले होने वाले इस कार्यक्रम में शहर की सामाजिक संस्थाएं, विद्यालयों के प्रबंधक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेलप्रेमी हिस्सा लेंगे। हम इस आयोजन के माध्यम से कानपुर में खेलमय वातावरण बनाने की कोशिश करेंगे। सौरभ गौर ने बताया कि यह आयोजन ओलम्पिक में भाग लेने जा रहे भारतीय दल के सदस्यों का उत्साहवर्धन करने के लिए किया जा रहा है ताकि वह ओलम्पिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में अधिक से अधिक मेडल डाल सकें। इस आयोजन में कानपुर के वरिष्ठ खिलाड़ी, पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे तथा इस ओलम्पिक को एक उत्सव की तरह मनाते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे व अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करेंगे। प्रेसवार्ता में साधना मिश्रा और विनीता यादव भी उपस्थित रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स