टोक्यो में स्वर्ण पदक विजेता को हरियाणा सरकार देगी छह करोड़

अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक हासिल करने पर सरकारी नौकरी देने का ऐलान
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
खेलों के विकास में नम्बर एक पायदान पर पहुंचे हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक हासिल करने पर सरकारी नौकरी देने के साथ ही टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये देने की बात कही है।
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर ओलम्पिक पदक विजेताओं से बातचीत करने के दौरान सीएम मनोहर लाल खट्टर ने यह ऐलान किया। उन्होंने यह भी बताया कि अगर टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में कोई प्रदेश का खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतता है तो उसे छङ करोड़ रुपये का ईनाम दिया जाएगा। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विभाग में सरकारी नौकरी पाने के अलावा अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं की नियुक्ति शिक्षा विभाग और अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति पर की जाएगी। खेल को बढ़ावा देने की इच्छा व्यक्त करते हुए, सीएम खट्टर ने कहा कि यदि अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कोच या प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया जाता है, तो युवा खिलाड़ियों को बहुत फायदा हो सकता है। राज्य ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए नीति बनाई है। इसके तहत खिलाड़ियों द्वारा जीते गए मेडल के हिसाब से तीन फीसदी आरक्षण के साथ सरकारी सेवाएं दी जा रही हैं।
इसके अलावा, राज्य खेल को बढ़ावा देने के लिए खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण के साथ-साथ खेल के बुनियादी ढांचे को बढ़ा रहा है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक खेलों में हरियाणा के 30 खिलाड़ी क्वालीफाई हुए हैं, इनमें प्रत्येक खिलाड़ी को तैयारी राशि के रूप में पांच लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को छह करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को चार करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खेल परिसरों में 11,000 पौधे लगाए जाएंगे जो पर्यावरण के लिए फायदेमंद होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद हवलदार शिव कुमार के नाम पर यहां अपने आवास पर पौधरोपण किया। हरियाणा की सरकार ने पहले भी ओलम्पिक पदक विजेताओं को ईनामी राशि दी है। इस तरह खेलों को बढ़ावा और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए ये ईनामी राशि काफी अहम है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स