हरियाणा के 30 खिलाड़ियों ने किया ओलम्पिक क्वालीफाई

महिला खिलाड़ियों की संख्या 16 
आबादी दो प्रतिशत, सफलता 25 फीसदी
खेलपथ संवाद 
चंडीगढ़।
हरियाणा के खेल एवं युवा कल्याण मामले के राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि टोक्यो ओलम्पिक खेलने जा रहे देश भर के कुल 121 खिलाड़ियों में से 30 हमारे प्रदेश के हैं। हरियाणा के तीस खिलाड़ियों में महिला खिलाड़ियों की संख्या 16 है।
खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि क्वालीफाई करने वाले सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वे लगातार इनके सम्पर्क में हैं। इन खिलाड़ियों को बेहतरीन कोच प्रशिक्षित कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक मेडल देश के लिए जीते जा सकें। खेल राज्य मंत्री ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देशानुसार खेल विभाग ने इन सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से लिखित में बधाई संदेश भेजे हैं। 
खेल मंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी की तुलना में प्रदेश की आबादी महज दो प्रतिशत है फिर भी लगभग 25 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से चयनित होना कारगर खेल नीति को दर्शाता है। दरअसल दूसरे राज्यों को हरियाणा से नसीहत लेनी चाहिए।

रिलेटेड पोस्ट्स