हॉकी प्रतिभाओं को खेल की बारीकियां सिखायेंगे ओलम्पियन समीर दाद

खेल मंत्री की पहल पर एयर इंडिया से प्रतिनियुक्ति पर आए समीर दाद
खेलपथ संवाद
भोपाल।
खेलों के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा को साकार करने के लिए भोेपाल के ओलम्पियन समीर दाद को मध्य प्रदेश राज्य पुरुष हॉकी एकेडमी में प्रशिक्षण का दायित्व सौंपा गया है। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयासों से एयर इंडिया द्वारा समीर दाद की सेवाएं खेल विभाग को प्रतिनियुक्ति पर साैंपी गई हैं।
हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों को अब ओलम्पियन समीर दाद के मार्गदर्शन में प्रतिभा निखारने और हॉकी खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। समीर दाद ने मध्य प्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी में कोच के पद पर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन से भेंट की। श्री जैन ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि समीर दाद के अनुभव से मध्य प्रदेश ही नही भारतीय टीम को भी फायदा होगा और कई राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे जो शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे। एकेडमी का कोच बनने पर संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान और बी.एस. यादव सहित सभी अधिकारी, कर्मचारियों, समस्त हॉकी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने श्री समीर दाद को बधाई दी है।
हॉकी अकादमी में कोच नियुक्त किए जाने पर ओलंपियन समीर दाद ने खेल और युवा कल्याण मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी मेरा पैशन है। मेरा लक्ष्य रहेगा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करें। 
समीर दाद की उपलब्धियां
वर्ष 1998 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए एशियन गेम्स बैंकॉक थाईलैंड में स्वर्ण पदक विजेता। वर्ष 1997 में  जूनियर वर्ल्ड कप इंग्लैंड में रजत पदक। वर्ष 1998 में सीनियर एशिया कप क्वालालमपुर में कांस्य पदक। वर्ष 1999 में सुल्तान अजलान शाह क्वालालमपुर, वर्ष 1998 हॉलैंड में सीनियर वर्ल्ड कप तथा वर्ष 2001 स्काटलैंड में आयोजित सीनियर वर्ल्ड कप क्वालीफायर में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व। वर्ष 2000 में सिडनी ऑस्ट्रेलिया के ओलम्पिक गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सात टेस्ट सीरीज और 6 फोर एण्ड एट नेशन चैंपियनशिप में भागीदारी। वर्तमान में समीर दाद एयर इंडिया हॉकी टीम के कोच और एयर इंडिया में सीनियर असिस्टेन्ट जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2014-15 में समीर दाद राष्ट्रीय जूनियर हॉकी टीम के असिस्टेन्ट कोच भी रह चुके हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स