टोक्यो में दिखेगा हरियाणा की छोरियों का दम

हॉकी टीम में नौ बेटियों का चयन
खेलपथ संवाद
हिसार।
टोक्यो ओलम्पिक में हरियाणा की बेटियों की स्टिक की रफ्तार देखने को मिलेगी। ओलम्पिक के लिए चयनित 16 सदस्यीय टीम में नौ खिलाड़ी हरियाणा से हैं। पदक का दारोमदार प्रदेश की बेटियों पर ही रहेगा क्योंकि टीम की कमान संभालने वाली बेटी रानी रामपाल और गोल रक्षक सविता हरियाणा से हैं। इसके अलावा सात अन्य खिलाड़ी भी फील्ड में आक्रमण और बचाव करती दिखेंगी।
हॉकी इंडिया ने हरियाणा की जिन बेटियों को टोक्यो ओलम्पिक में मौका दिया है उनमें प्रदेश की इन खिलाड़ियों का चयन रानी रामपाल (कुरूक्षेत्र), नवनीत कौर (कुरूक्षेत्र) नवजोत कौर (कुरूक्षेत्र), नेहा (सोनीपत), निशा (सोनीपत),मोनिका (सोनीपत), सविता (हिसार), उदिता (हिसार) तथा शर्मिला (हिसार) शामिल हैं। भारतीय महिला टीम की गोलकीपर सविता ने दूरभाष पर बताया कि प्रदेश की नौ खिलाड़ियों का टीम में चयन हुआ है। यह उनके लिए गर्व की बात है। 
1980 मास्को ओलम्पिक में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी जबकि रियो में 12 टीमों में अंतिम स्थान पर रही थी। सविता कहती हैं कि अब टीम में काफी सुधार है। उम्मीद है कि इस बार टीम पदक के सूखे को खत्म करेगी। सभी खिलाड़ियों में ओलम्पिक के लिए काफी उत्साह है। 
हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र ओलम्पियन अशोक ध्यानचंद का कहना है कि महिला हॉकी टीम कुछ सालों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। टोक्यो ओलम्पिक में पुरूष हॉकी से ज्यादा महिला हॉकी टीम से पदक की ज्यादा उम्मीद है। उनको लगता है कि महिला हॉकी टीम ने अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन किया तो पदक पक्का है।
भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान गोल्डन गर्ल ममता खरब ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी है। हरियाणा पुलिस में उपाधीक्षक ममता खरब का कहना है कि महिला टीम कुछ सालों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। लाकडाउन में प्रतियोगिता में नहीं उतरी, लेकिन इससे पहले जितने भी टूर्नामेंट हुए हैं, वहां खिलाड़ियों ने गजब का प्रदर्शन किया था। इसलिए टीम से पदक की पूरी उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स