हरियाणा के 23 खिलाड़ियों ने किया ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई

खेल मंत्री संदीप सिंह ने दी जानकारी
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में प्रदेश के पहलवान अपना पूरा दम-खम दिखाएंगे तो मुक्केबाजों और शूटरों पर भी दरोमदार रहेगा। एथलेटिक्स में भी खिलाड़ी अपना दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसके साथ-साथ पैरा ओलम्पिक खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए ओलम्पिक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि अभी तक हरियाणा के 23 खिलाड़ी ओलम्पिक का टिकट कटा चुके हैं।
खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश भर से 23 खिलाड़ी टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, इनमें चार पैरा खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे ज्यादा आठ खिलाड़ी कुश्ती के हैं, जोकि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल के साथ ओलम्पिक भी खेल चुके हैं। खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को तैयारी के लिए पांच-पांच लाख रुपये की एडवांस राशि दे रही है, अभी तक 19 खिलाडिय़ों को यह राशि दी जा चुकी है और 4 पैरा खिलाड़ियों को राशि देने की प्रक्रिया चल रही है। 
खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है, उनमें बाक्सिंग में विकास कृष्ण, मनीष कौशिक, पूजा रानी, अमित पंघाल शामिल हैं। शूटिंग में अभिषेक वर्मा, यशस्विनी सिंह देशवाल, मनु भाकर, संजीव राजपूत, कुश्ती में विनेश फोगाट, अंशु मलिक, दीपक पूनिया, सोनम मलिक, रवि कुमार, सीमा, बजरंग पूनिया, सुमित, एथलेटिक्स में राहुल, संदीप कुमार, नीरज चोपड़ा, पैरा ओलिम्पक के लिए ताईक्वांडो खिलाड़ी अरुणा, बैडमिंटन में तरुण, शूटिंग में मनीष आदि शामिल हैं। अभी हॉकी टीमों की घोषणा होना बाकी है इन दोनों टीमों में भी हरियाणा के खिलाड़ी जरूर होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स