पूजा रानी बोहरा की स्वर्णिम सफलता से झूमे भिवानीवासी

बेटी की सफलता का श्योराण परिवार ने भी मनाया जश्न
खेलपथ संवाद
भिवानी (हरियाणा)।
दुबई में चल रही एशियन चैम्पियनशिप में हरियाणा की बेटी पूजा बोहरा ने सोने पर पंच लगाया है। भिवानी की लाड़ली ने अपनी प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को 5-0 से हराकर एक बार फिर साबित कर दिया कि भिवानी के मुक्के का दुनिया में कोई जवाब नहीं है। उनकी जीत पर परिवार और कोच ने जमकर खुशी मनाई।
पूजा बोहरा ने लगातार दूसरी बार एशियन चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही वे यह उपलब्धि प्राप्त करने वाली जिले की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। मुकाबला शुरू होते ही कोच संजय श्योराण का परिवार टेलीविजन के सामने बैठ गया था। पूरे मैच के दौरान कोई टीवी के सामने से हिला तक नहीं। जैसे ही पूजा ने मैच जीता खुशी की लहर दौड़ गई।
पूजा बोहरा गुरु द्रोणाचार्य कैप्टन हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी में अभ्यास करती हैं। फिलहाल वो 75 किलोग्राम भार वर्ग में एशियन चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं। अकादमी में कोच संजय श्योराण उनको अभ्यास करवाते हैं। पूजा के पिता हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड हैं। उनकी मां गृहिणी हैं और भाई शारीरिक शिक्षक हैं। उन्होंने बॉक्सिंग की शुरुआत आदर्श कॉलेज से की थी। वहां कोच संजय श्योराण की पत्नी लेक्चरर थीं। एक प्रतियोगिता के दौरान संजय ने पूजा को खेलते हुए देखा और उसका खेल पसंद आया। उसके बाद कोच संजय ने उनको अभ्यास कराना शुरू किया, फिर पूजा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। पूजा कोच संजय की पत्नी को भी मां मानती हैं। 
चैम्पियनशिप के फाइनल में मुकाबला शुरू होने से पहले पूजा ने कोच भीम अवॉर्डी संजय श्योराण से आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह से ही वे पूजा के साथ फोन पर बार-बार बात कर उसे तकनीक के बारे में बता रहे थे। मुकाबला शुरू होने से 20 मिनट पहले भी पूजा ने फोन कर उनसे आशीर्वाद लिया था।
कोच संजय ने कहा कि वापस आने के बाद पूजा की ट्रेनिंग और कड़ी की जाएगी। पूजा का अब ओलम्पिक में चयन हो गया है। उसके लिए और ज्यादा तैयारी करनी होगी। हमें पूरा विश्वास है कि एशियन चैम्पियनशिप की तरह ही वह ओलम्पिक में भी गोल्ड मेडल जीतेगी।
प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि पूजा की जीत पूरे देश और प्रदेश की जीत है। इस बहादुर बेटी ने जिले का नाम ऊंचा किया है। पूजा, उनके कोच, परिवार और पूरे जिले को इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। पूजा ने हमें खुशी मनाने का एक मौका दिया है। 
विधायक घनश्यामदास सर्राफ ने कहा हमें पूजा बोहरा पर नाज है। उन्होंने विश्व पटल पर भिवानी की प्रतिभा का लोहा मनवाया है। गौरव और खुशी प्रदान करने के लिए भिवानी की लाड़ली का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं। पूजा ने पूरे देश का नाम रोशन किया है।
योगेश चौधरी, प्रेसीडेंट, चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी ने कहा कि पूजा बोहरा ने हमारा सिर गौरव से एक बार फिर ऊंचा किया है। उसने वो कर दिखाया है जो आज तक पूरे प्रदेश की कोई महिला खिलाड़ी नहीं कर सकी। हमें उस पर नाज है। उम्मीद करते हैं कि भविष्य में वह देश और प्रदेश का और भी नाम रोशन करेगी। 

रिलेटेड पोस्ट्स