18 साल बाद नेहरू स्टेडियम को मिलेगा नया एस्ट्रोटर्फ

अचानक स्टेडियम पहुंचे खेल मंत्री संदीप सिंह, खिलाड़ियों से की बातचीत
खेलपथ प्रतिनिधि
गुरुग्राम।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि नेहरू स्टेडियम में जल्द ही हॉकी का नया टर्फ लग जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। बहुत जल्द यहां के खिलाड़ी फिर से एस्ट्रो टर्फ पर खेल पाएंगे। 
बृहस्पतिवार सुबह स्टेडियम में संदीप सिंह औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस मैदान पर एस्ट्रोटर्फ 2003 में लगाया गया था। करीब 18 साल से खिलाड़ी इसी पर प्रैक्टिस कर रहे हैं। बीते कई सालों से यह खराब पड़ा है। इससे खिलाड़ियों की प्रैक्टिस भी बाधित हो रही थी। खेल मंत्री ने बताया कि अपने खेल करियर के दौरान वे खुद इस टर्फ पर प्रैक्टिस कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से बातचीत करके उनकी समस्याएं भी सुनीं। 
मौके पर उपस्थित खेल विभाग के अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। खेल मंत्री ने बताया कि चेकिंग के दौरान सभी कोच उपस्थित पाए गए और ट्रेनिंग लगातार जारी मिली। इसके बाद खेल मंत्री ने ताऊ देवीलाल खेल परिसर में खेल विभाग के अधिकारियों एवं कोचेज की बैठक लेकर उन्हें भविष्य की योजनाएं बताईं और निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। 
हॉकी चैम्पियनशिप में इशिका ने जीता स्वर्ण
झारखंड में आयोजित सब जूनियर नेशनल महिला हॉकी चैम्पियनशिप में हलवासिया विद्या विहार की इशिका ने टीम में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया। सब जूनियर हॉकी टीम में हरियाणा लगातार तीन बार प्रथम स्थान पर रहा। हरियाणा ने टाईब्रेक शूटआउट के जरिए झारखंड को 4-3 से हराया। पहले मैच में हरियाणा ने राजस्थान को 31-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में हरियाणा ने तमिलनाडु को 23-0 से हराया तथा सेमीफाइनल में हरियाणा ने यूपी को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रशासक दीवान चंद रहेजा एवं प्राचार्य विमलेश आर्य ने विजेता छात्रा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी एवं पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सुधा शर्मा, संजय लता, पूनम तंवर एवं खेल प्रशिक्षक राम भगत, प्रीति यादव, अंजू आदि उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स