आईओए खिलाड़ियों को सुविधाएं न देने पर ले संज्ञान: संदीप सिंह

सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को सुविधाएं न मिलने का मलाल
संदीप सिंह की सदाशयता को सलाम
खेलपथ प्रतिनिधि
कुरुक्षेत्र।
एक खिलाड़ी ही खिलाड़ी की तकलीफ को समझ सकता है, यह बात हम हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह से सहज ही समझ सकते हैं। हरियाणा के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हॉकी हरियाणा की तरफ से जींद जिले में चल रही सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के लिए खाने, पीने, ठहरने, सोने सहित खेल मैदान और स्वास्थ्य सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध नहीं करवाई हैं। 
हॉकी हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए विभाग के साथ भी कोई सम्पर्क नहीं किया। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के लिए बरती गई गम्भीर अनियमितताओं को लेकर आईओए को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। इसके साथ ही हॉकी हरियाणा की मान्यता भी रद्द की जानी चाहिए। संदीप सिंह रविवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 
उन्होंने कहा कि हॉकी हरियाणा की तरफ से जींद जिला में 17 से 25 मार्च तक सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से सैकड़ों खिलाड़ी पहुंचे हैं। इस प्रतियोगिता के दौरान हॉकी हरियाणा की तरफ से खिलाड़ियों के लिए किए गए प्रबंधों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं, इन शिकायतों में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को स्कूल के कमरों में ठहराया गया है और सोने की व्यवस्था भी ठीक नहीं है तथा जहां पर खिलाड़ी ठहरे हुए है, वहां पर सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है, खिलाड़ी खुद पोछा और झाडू लगाकर सफाई कर रहे हैं। 
इतना ही नहीं खिलाड़ी आसपास के नलों पर जाकर कपड़े धो रहे हैं और स्नान कर रहे हैं। खेलमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और खिलाड़ियों से मिली शिकायतों के अनुसार यह भी तथ्य सामने आए हैं कि खिलाडियों का कोरोना टेस्ट भी नहीं किया गया है। संदीप सिंह ने जिस तरह का मामला उठाया है वह बिल्कुल वाजिब है। मध्य प्रदेश की खेल मंत्री को भी इस तरह के मामलों में सदाशयता बरतनी चाहिए।

रिलेटेड पोस्ट्स