हरियाणा ने जीता सब जूनियर नेशनल बालिका हॉकी का खिताब

झारखण्ड को 4-3 से हराकर खिताबी तिकड़ी लगाई
खेलपथ प्रतिनिधि
सिमडेगा।
झारखंड के सिमडेगा में खेली गई राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का खिताब हरियाणा की टीम ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने झारखंड को 4-3 से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्‍कर रही। निर्धारित समय तक हरियाणा व झारखंड की टीमें 0-0 से बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूट आउट से निर्णय हुआ। इसमें हरियाणा की टीम ने चार गोल दागे जबकि मेजबान टीम तीन गोल ही कर सकी। तीसरा स्थान उत्तर प्रदेश को मिला।
सिमडेगा में सब जूनियर नेशनल वुमेन हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली। सबसे मजबूत मानी जाने वाली झारखंड व हरियाणा की टीमें मैच की समाप्ति तक 0-0 की बराबरी पर थीं। पेनल्टी शूट आउट के सडनडेथ में हरियाणा ने 4-3 से चैम्पियनशिप के खिताब पर कब्जा जमा लिया। फाइनल में जीत के साथ हरियाणा की टीम ने लगातार तीसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया। 2018 व 2019 में भी हरियाणा ने खिताब अपने नाम किया था। 2020 में कोरोना महामारी के कारण टूर्नामेंट आयोजित नहीं हुआ था वहीं झारखंड की टीम ने 2017 में हरियाणा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया था। 
मेजबान झारखंड टीम ने मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। मुख्य अतिथि रांची विवि की प्रभारी कुलपति डाॅ. कामनी कुमार ने ट्राॅफी देकर हरियाणा टीम की हौसला अफजाई की वहीं जिले के डीसी सुशांत गौरव ने उपविजेता टीम झारखंड को ट्राॅफी देकर उसका हौसला बढ़ाया। तीसरे व चौथे स्थान के लिए हुए मैच में उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को 3-1 से पराजित किया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स