राज्यस्तरीय मलखम्ब प्रतियोगिता में उज्जैन बना ओवर आल चैम्पियन

मध्य प्रदेश में मलखम्ब अकादमी स्थापित होगीः यशोधरा राजे सिंधिया

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मलखम्ब हमारी मूल विधा है और इस विधा में हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश की अलग पहचान बनाएं, इसके लिए शीघ्र ही मध्य प्रदेश राज्य मलखम्ब अकादमी स्थापित की जाएगी। टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मार्शल आर्ट हाल में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय मलखम्ब प्रतियोगिता में उज्जैन ओवर आल चैम्पियन बना।

तीन दिवसीय मलखम्ब प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका वर्ग में ओवर आल चैम्पियन बनने का गौरव उज्जैन ने प्राप्त किया जबकि उप विजेता के खिताब से शाजापुर को नवाजा गया। बालिका सीनियर वर्ग में पन्ना एवं  जूनियर बालिका वर्ग में छतरपुर के खिलाड़ी तृतीय स्थान पर रहे। सम्पूर्ण प्रतियोगिता में बालक वर्ग में भोपाल के प्रणीत यादव तथा बालिका वर्ग में उज्जैन की शिवानी किलोरिया को चैम्पियन आफ चैम्पियन अवार्ड से सम्मानित किया गया। खेल मंत्री ने विजेता, उप-विजेता टीमों को ट्राफी और खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

जूनियर बालक वर्ग में प्रणव कोरी उज्जैन प्रथम, प्रणीत यादव भोपाल द्वितीय और इन्द्रजीत नागर उज्जैन तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में उज्जैन के चन्द्र शेखर चौहान ने प्रथम और विश्नेश सुगंधी ने द्वितीय तथा शाजापुर के सचिन गवले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह बालिका जूनियर वर्ग में उज्जैन की जेसिका प्रजापति प्रथम, रिद्धिमा शर्मा द्वितीय और शाजापुर की चन्द्रिश मित्तोला तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर बालिका वर्ग में उज्जैन की शिवानी किरोलिया प्रथम, सोनू मंडावलिया द्वितीय और शाजापुर की रितिका गवली तृतीय स्थान पर रही। 

समापन समारोह में बालक एवं बालिका वर्ग में मलखम्ब खिलाड़ियों ने पोल मलखम्ब, रोप और हैंगिंग मलखम्ब में बेस्ट आफ प्लेयर के लिए शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में उज्जैन की खिलाड़ी श्वेता चौहान ने सिर पर पानी से भरे कांच के गिलास और जलती हुई मोमबत्ती तथा तनिशा जाधव ने दोनों हाथों में मशाल लेकर फायर रोप मलखम्ब का संतुलन बनाकर गीत और संगीत पर बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो गए।

मलखम्ब खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रभावित खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में मलखम्ब खेल में ऐसी छुपी प्रतिभाएं और उनके प्रदर्शन को देखकर मन प्रफुल्लित है। हमारे खिलाड़ी इस विधा से ऊंचाईयां पाकर विश्व में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि यह जस्बा, जूनुन और लगन बनाए रखें। उन्होंने जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, बाक्सिंग, रोइंग सहित अन्य खेलों का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों से कहा कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से इतने स्ट्रांग हो गए हैं कि किसी अन्य खेल विधा में भी आपकी सफलता सुनिश्चित है क्योंकि असंभव कुछ भी नहीं है। उन्होंने मलखम्ब के तीन इवेंट का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों के साथ ही प्रशिक्षकों और निर्णायकों को मलखम्ब का स्तम्भ निरूपित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने बताया कि तीन दिवसीय इस रोमांचकारी मलखम्ब प्रतियोगिता में 21 जिलों के 366 बालक-बालिका खिलाड़ियों, 44 विभागीय प्रशिक्षकों और 15 तकनीकी निर्णायकों ने भागीदारी की। उन्होंने बताया कि मलखम्ब खेल को सरकार द्वारा राज्य खेल घोषित किया गया है। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के 13 जिलों में मलखम्ब केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है तथा 22 केन्द्रों को विभागीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है। खेल संचालक श्री जैन ने कहा कि मलखम्ब खेल के विस्तार और इसकी अकादमी स्थापित करने के लिए खेल मंत्री के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर संयुक्त संचालक डा. विनोद प्रधान, बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी, म.प्र. मलखम्ब एसोसिएशन के सचिव के. श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रकाश ताण्डी, तकनीकी समिति के चेयरमेन राजेन्द्र शर्मा एवं द्रोणाचार्य अवार्डी मलखम्ब योगेश मालवीय, मलखम्ब प्रशिक्षक भारत बांधेवाल उपस्थित थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स