रेल हादसे में बाल-बाल बचे मध्य प्रदेश के तीरंदाज

दिलाए दो रजत और एक कांस्य पदक

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीरंदाजों के हौसले को सराहा

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल उत्तराखंड के देहरादून में खेली गई 41वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मध्यप्रदेश को दो रजत और एक कांस्य दिलाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के रिकवर इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी सोनिया ठाकुर ने 642 अंकों के साथ मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। झारखंड 661 अंकों के साथ पहले और हरियाणा 634 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग की रिकवर स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी अमित कुमार ने 665 अंक प्राप्त कर मध्य प्रदेश को कांस्य पदक दिलाया। आंध्र प्रदेश 683 अंकों के साथ पहले और महाराष्ट्र 673 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसी तरह रिकवर मिक्स्ड टीम इवेंट में मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी सोनिया ठाकुर और अमित कुमार की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। झारखंड पहले और पंजाब तीसरे स्थान पर रहा।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को दिल्ली से देहरादून जा रही शताब्दी एक्सप्रेस के कोच में भीषण आग लग गई, जिसमें मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के खिलाड़ी भी यात्रा कर रहे थे। तीरंदाजों को सुरक्षित और सकुशल बचा लिया गया लेकिन इस हादसे में उनके खेल उपकरण सहित अन्य सभी सामान आग की भेंट चढ़ गया। खिलाड़ियों को देहरादून में ही नए उपकरण और जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भीषण रेल हादसे में साजो-सामान और तीर-कमान गंवाने वाले मध्यप्रदेश के तीरंदाज खिलाड़ियों ने अपने बुलन्द हौसले को बनाए रखते हुए नये उपकरणों से भी देहरादून में खेली गई 41वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश को दो रजत और एक कांस्य पदक दिलाया है। मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की खिलाड़ी बेटी सोनिया ने रजत और खिलाड़ी बेटे अमित ने कांस्य पदक जीतकर मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है। हमें अपने खिलाड़ी बेटे-बेटियों पर गर्व है।

प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि रेल हादसे में ईश्वर की कृपा से हमारे सभी खिलाड़ी सुरक्षित और सकुशल हैं। खिलाड़ियों ने जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक जीतकर साबित कर दिखाया है कि मुश्किल घड़ी में भी धैर्य और संयम से सफलता हासिल की जा सकती है। खेल मंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ी सोनिया ठाकुर और अमित कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नए उपकरणों के सहारे मेडल जीतकर एक मिसाल पेश की है जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया के मार्गदर्शन में अकादमी के तीरंदाजों ने सहभागिता की।

रिलेटेड पोस्ट्स