भव्य रूप में होगा खेलो इंडिया का आयोजन : संदीप सिंह

अधिकारियों को समय पूर्व तैयारियां करने के निर्देश
खेलपथ प्रतिनिधि
चंडीगढ़।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ का आयोजन भव्य रूप से होगा। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ इस इवेंट को यादगार भी बनाया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भी इस आयोजन को यादगार बनाने के निर्देश दिए हैं।
खेलो इंडिया को लेकर खेल मंत्री ने विभाग के अलावा साई के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि पंचकूला, अम्बाला, करनाल व कुरुक्षेत्र आदि जिलों में खेलो इंडिया के तहत प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे काम में जुट जाएं और समय रहते सभी तैयारियों को पूरी कर लें। खेलों के निरीक्षण के लिए जांच टीमें भी तैनात की जाएंगी। आयोजन से पहले खेल मंत्री खुद जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से खिलाड़ियों को बेहतरीन अवसर प्राप्त होंगे और युवा पीढ़ी का खेलों के प्रति क्रेज बढ़ेगा। 
संदीप सिंह ने कहा कि आयोजन में देशभर से खिलाड़ी भाग लेंगे और पूरी दुनिया के खेल जगत की निगाहें खेलो इंडिया पर होंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में केंद्रीय खेल मंत्रालय सचिव रवी मित्तल, डायरेक्टर जनरल (खेल) संदीप प्रधान, संयुक्त सचिव अतुल सिंह, सीनियर डायरेक्टर सत्यनारायण मीणा सहित खेलो इंडिया के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स