डा. विजय राव अध्यक्ष और नीरज कुमार बने महासचिव

दिल्ली फ्लाइंग किक खेल संघ ने लिया खेल के विकास का संकल्प

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली। फ्लाइंग किक खेल के समुन्नत विकास को मद्देनजर रखते हुए इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने दिल्ली में फ्लाइंग किक खेल संघ का गठन किया है जिसमें डा. विजय राव को अध्यक्ष और नीरज कुमार को संघ का महासचिव नियुक्त किया गया। संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने फ्लाइंग किक खेल के विकास औऱ आयोजनों को अंतिम रूप भी दे दिया है।

दिल्ली फ्लाइंग किक खेल संघ की सालाना बैठक एमसीए सम्मेलन हाल में 13 फरवरी को हुई। इस बैठक में फ्लाइंग किक खेल संघ के पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक भी शामिल हुए। बैठक में भारतीय फ्लाइंग किक खेल महासंघ के महासचिव विकास कुमार पासवान तथा दिल्ली ओलम्पिक संघ के दीपक अग्रवाल की उपस्थिति में दिल्ली फ्लाइंग किक खेल संघ की चार वर्ष तक की अवधि के लिए चुनाव करवाए गए। चुनाव निर्वाचन अधिकारी उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता लिनिन विनोबर की देखरेख में हुए।

दिल्ली फ्लाइंग किक खेल संघ के पदाधिकारियों में डा. विजय राव अध्यक्ष, नीरज कुमार महासचिव, अंकुर गर्ग वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अमित सेठ उपाध्यक्ष, सुरेश कुमार उपाध्यक्ष, हैप्पी यादव उपाध्यक्ष, डेविड आजाद संयुक्त सचिव, अजय प्रताप सिंह संयुक्त सचिव तथा नवीन कुमार, अनिल कुमार, रंजीत कुमार, सोनू, अंकित कुमार कार्यकारी सदस्य चुने गए।

चुनाव के बाद दिल्ली फ्लाइंग किक खेल संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. विजय राव ने फ्लाइंग किक मार्शल आर्ट गतिविधियों पर प्रकाश डाला। महासचिव नीरज कुमार ने सब-जूनियर, जूनियर, बालक-बालिका खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण पर बल दिया। नीरज कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण से आगामी दिल्ली ओलम्पिक खेलों में खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। भारतीय फ्लाइंग किक खेल महासंघ के महासचिव विकास कुमार पासवान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।      

 

रिलेटेड पोस्ट्स